वैशाली: महनार थाना में पदस्थापित थानाध्यक्ष समेत नौ पुलिसकर्मियों को कथित तौर पर नशा कारोबार से जुड़े लोगों से संपर्क के आरोप में निलंबित किया गया है। पुलिस मुख्यालय स्तर की जांच के बाद यह कार्रवाई की गई है। ग्रामीण एसपी सोनू कुमार राय ने निलंबन की पुष्टि की है।
निलंबित पुलिसकर्मियों में महनार थानाध्यक्ष वेदानंद सिंह, डायल-112 प्रभारी, एएसआई राजेश कुमार, सिपाही राजीव कुमार, महिला सिपाही निशा कुमारी तथा चौकीदार रौशन कुमार, राजन पासवान, रघुनाथ कुशवाहा और पुतलेश कुमार शामिल हैं। सभी महनार थाना में तैनात थे।
जांच के बाद हुई कार्रवाई
रिपोर्टों के अनुसार, पुलिस मुख्यालय की जांच में डायरी, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज समेत विभिन्न तथ्यों की पड़ताल की गई। जांच में पुलिसकर्मियों और कथित नशा कारोबार से जुड़े लोगों के बीच संपर्क के संकेत मिलने के बाद निलंबन की कार्रवाई की गई। हालांकि, संबंधित पुलिसकर्मियों की अंतिम भूमिका विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है। आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।
ये खबर भी पढ़े: ‘बसेरा-2’ की खबर फैली तो पटना में उमड़ा हुजूम, CM सचिवालय के बाहर महिलाओं की लंबी कतार!