सीवान: जिले के गुठनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने शनिवार की अहले सुबह श्रीकलपुर चेकपोस्ट के पास एक ईचर ट्रक से बड़ी मात्रा में कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद की है। पुलिस के अनुसार, ट्रक में ऊपर से चोकर लदा था और उसके नीचे कफ सिरप की खेप छिपाई गई थी। बरामद सिरप की अनुमानित कीमत करीब 65 लाख रुपये बताई गई है।
चेकिंग के दौरान हुआ संदेह
पुलिस के मुताबिक, श्रीकलपुर चेकपोस्ट पर जांच के दौरान ईचर ट्रक को रोका गया। ट्रक में चोकर लदा हुआ था। जांच के दौरान पुलिस को संदेह हुआ, जिसके बाद ट्रक की तलाशी ली गई। तलाशी में चोकर के नीचे बड़ी मात्रा में कोडीन युक्त कफ सिरप मिली।
बताया गया है कि बरामद कफ सिरप ESkuf ब्रांड की है। इसके बाद पुलिस ने ट्रक को जब्त कर गुठनी थाना परिसर पहुंचाया।
कार्रवाई के दौरान चालक-खलासी भागे
पुलिस की जांच शुरू होते ही ट्रक का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। पुलिस अब उनकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
बरामद खेप को ट्रक से उतरवाने और उसकी गिनती की कार्रवाई ड्रग एवं एक्साइज विभाग के अधिकारियों की निगरानी में की गई। इसके बाद जब्ती सूची तैयार की गई।
कहां से आई, कहां जानी थी—जांच जारी
इतनी बड़ी मात्रा में कफ सिरप बरामद होने के बाद पुलिस ट्रक के दस्तावेज, उसके रूट और खेप से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कफ सिरप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
फरार चालक और खलासी के पकड़े जाने के बाद खेप से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।
पहले भी सामने आ चुका है ESkuf का मामला
पुलिस की जांच में मई 2026 में पटना में ESkuf की करीब 7,500 बोतलों की बरामदगी के मामले को भी देखा जा रहा है। हालांकि, सीवान में बरामद खेप का उस मामले से सीधा संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस ने ट्रक और बरामद कफ सिरप को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।
ये खबर भी पढ़े: समस्तीपुर में सड़क पर निकला ‘जंगल का मेहमान’, 10 फीट के अजगर को देखते ही थम गई गाड़ियों की रफ्तार!