पूर्णिया: उत्तर प्रदेश एटीएस ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से कथित संबंध रखने के आरोप में पूर्णिया निवासी मोहम्मद जफर को मेरठ से गिरफ्तार किया है। जफर मूल रूप से पूर्णिया जिले के रौटा थाना क्षेत्र अंतर्गत मीरगंज का रहने वाला बताया जा रहा है।
एटीएस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। वह मेरठ के एक मदरसे में रहकर पढ़ाई कर रहा था।
जांच एजेंसी का दावा है कि मोहम्मद जफर प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर के भाषणों से प्रभावित था। आरोप है कि वह सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं के संपर्क में रहता था और उन्हें कट्टरपंथी विचारधारा तथा हिंसक गतिविधियों के लिए प्रेरित करने का प्रयास करता था।
एटीएस की प्रारंभिक जांच में यह भी आरोप सामने आया है कि जफर मदरसे के नाम पर स्थानीय स्तर पर चंदा एकत्र करता था। जांच एजेंसियों के मुताबिक, इस राशि को अवैध माध्यमों से पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क तक पहुंचाने की कोशिश की जाती थी। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
सूत्रों के अनुसार, एटीएस ने 16 अगस्त को जफर को हिरासत में लिया था। पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर बाद में उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी के संपर्क में कौन-कौन लोग थे, उसके नेटवर्क में अन्य स्थानीय या विदेशी हैंडलर शामिल थे या नहीं, तथा कथित टेरर फंडिंग नेटवर्क कितना व्यापक था।
जांच एजेंसियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे की पूछताछ में कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: ‘सुपर CM जिंदाबाद’ के नारों से गूंजा परिसर, मुस्कुराते रहे नीतीश; सियासी गलियारों में बढ़ी चर्चा!