शेखपुरा: जिले के अरियरी प्रखंड अंतर्गत कसार गांव में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब तालाब किनारे एक बोरे में बंद दो बच्चों के शव बरामद हुए। मृतकों की पहचान अंकुश पासवान (12) और पीयूष राउत (13) के रूप में हुई है। दोनों बच्चे पिछले तीन दिनों से लापता बताए जा रहे थे।
सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने जब तालाब किनारे संदिग्ध बोरा देखा, तो पास जाकर देखने पर अंदर शव होने की जानकारी मिली। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर पीयूष की मां टुन्नी देवी मौके पर पहुंचीं और कपड़ों के आधार पर अपने बेटे की पहचान की। परिजनों के मुताबिक, दोनों बच्चे रविवार से ही गायब थे। परिवार को पहले यह जानकारी मिली थी कि बच्चा राजगीर मेले गया है, लेकिन मंगलवार को उसकी लाश मिलने से पूरे गांव में मातम पसरा है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि दोनों बच्चों की हत्या कहीं और की गई और शवों को बोरे में बंद कर तालाब किनारे फेंक दिया गया।
ASP डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। घटनास्थल पर FSL टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया है, ताकि साक्ष्य जुटाए जा सकें। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी है।
घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों—पंचायत समिति सदस्य रोहित राज, भाजपा नेता मृत्युंजय कुमार और CPI जिला मंत्री प्रभात कुमार पांडेय—ने इस जघन्य घटना की कड़ी निंदा करते हुए अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों में जिले में हत्या की कई घटनाएं सामने आई हैं, जिससे कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों में डर और गुस्सा दोनों का माहौल है।
फिलहाल पुलिस इस दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी है, लेकिन इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : सुपौल में बवाल, आरोपी VIP मंच पर कैसे पहुंचा?