लखीसराय: रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए दानापुर रेल मंडल में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। स्वच्छता पखवाड़ा एवं विशेष अभियान 6.0 के तहत किऊल, लखीसराय, झाझा, मोकामा, बाढ़, बख्तियारपुर और पटना सहित प्रमुख स्टेशनों पर चार अलग-अलग रंगों के डस्टबिन लगाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य यात्रियों को कचरे का सही तरीके से पृथक्करण करने और रेल परिसर को स्वच्छ रखने के प्रति जागरूक करना है।
अभियान के तहत हरे, नीले, लाल और काले रंग के डस्टबिन क्लस्टर में स्थापित किए जा रहे हैं। रेलवे का लक्ष्य स्वच्छता अभियान में यात्रियों की भागीदारी बढ़ाना और स्टेशन परिसर, ट्रेनों तथा रेलवे कार्यालयों में साफ-सफाई बनाए रखना है।
उद्घोषणा और डिजिटल डिस्प्ले से जागरूकता
यात्रियों को पटरियों पर कचरा नहीं फेंकने और निर्धारित डस्टबिन का इस्तेमाल करने के लिए स्टेशनों के पब्लिक एड्रेस सिस्टम से लगातार उद्घोषणाएं की जा रही हैं। डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड के माध्यम से भी कचरे को चार श्रेणियों में अलग करने के नियम बताए जा रहे हैं।
सफाईकर्मी करेंगे यात्रियों की मदद
अभियान के शुरुआती चरण में ट्रेनों में ऑन बोर्ड हाउसकीपिंग सर्विस (OBHS) के कर्मचारियों और प्लेटफॉर्म पर सफाई मित्रों को यात्रियों की मदद करने की जिम्मेदारी दी गई है। वे यात्रियों को गीले और सूखे कचरे के अलावा निर्धारित श्रेणियों के अनुसार कचरा सही डस्टबिन में डालने के लिए प्रेरित करेंगे।
फूड स्टॉल और रेस्तरां के लिए भी निर्देश
रेलवे स्टेशनों पर संचालित फूड स्टॉल, आईआरसीटीसी के रेस्तरां और जन आहार केंद्रों को भी अपनी दुकानों से निकलने वाले कचरे को स्रोत पर ही अलग करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे कचरे के उचित प्रबंधन को बढ़ावा देने और रेल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने में मदद मिलेगी।
दानापुर रेल मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन परिसर और ट्रेनों में कचरा इधर-उधर न फेंकें तथा निर्धारित डस्टबिन का उपयोग कर स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
ये खबर भी पढ़े: महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने पटना साहिब स्टेशन का किया निरीक्षण, यात्री सुविधाओं और साफ-सफाई का लिया जायजा!
