सहरसा: शादी-ब्याह में अक्सर लोग दूल्हा-दुल्हन से ज्यादा खाने का इंतजार करते हैं, लेकिन सहरसा में एक निकाह ऐसा हुआ, जहां ‘मेन्यू’ ही सबसे बड़ा मुद्दा बन गया। खस्सी (मटन) की उम्मीद लेकर पहुंचे बाराती जब थाली में मुर्गा (चिकन) देखे, तो मामला सीधे ‘दावत’ से ‘दंगल’ में बदल गया।
सिमरी बख्तियारपुर के इस निकाह में रस्में तो पूरी शांति से हो गईं, लेकिन असली ड्रामा तब शुरू हुआ जब खाने की बारी आई। दूल्हा पक्ष का कहना था कि पहले मटन का वादा किया गया था, लेकिन प्लेट में चिकन देखकर उनका ‘मूड’ ही नहीं, ‘मामला’ भी बदल गया।
बहस से बवाल, फिर ‘फुल ऑन फाइट’
पहले हल्की नोकझोंक हुई, फिर बहस ने जोर पकड़ा और देखते ही देखते दोनों पक्ष ‘भोज’ छोड़ ‘भिड़ंत’ में उतर गए। लात-घूंसे के साथ लाठी-डंडों का भी इस्तेमाल हुआ—यानि मेन्यू के साथ ‘मारपीट पैकेज’ फ्री मिल गया।
इस झड़प में दूल्हा पक्ष के आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। घायलों का इलाज जारी है।
दूल्हे के चाचा का आरोप—“हम पर अचानक हमला हुआ”
दूल्हे के चाचा का कहना है कि खाने को लेकर बहस के बाद लड़की पक्ष के लोगों ने अचानक हमला कर दिया। अब मामला पुलिस तक पहुंचने की तैयारी में है।
पुलिस का क्लासिक जवाब—“आवेदन आएगा तो कार्रवाई होगी”
महिषी थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। आवेदन मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सवाल बड़ा है—मेन्यू पर मारपीट कब तक?
एक तरफ शादी की खुशियां, दूसरी तरफ ‘खाने’ को लेकर लड़ाई—यह घटना बताती है कि कई बार रिश्तों से ज्यादा ‘रसोई’ भारी पड़ जाती है। अब सवाल यही है कि अगली बार लोग शादी में आशीर्वाद देने आएंगे या मेन्यू चेक करने?
फिलहाल, इस निकाह की सबसे बड़ी सीख यही है—“शादी में प्यार जरूरी है, लेकिन प्लेट में क्या है… ये उससे भी ज्यादा!”
ये खबर भी पढ़े: Bihar: राजद में बगावत, रोहिणी का खुला चैलेंज—हिम्मत है तो मुझ पर कार्रवाई करो!