नालंदा: आस्था का दिन, लेकिन नतीजा बेहद दर्दनाक। नालंदा के दीपनगर इलाके में स्थित शीतला माता मंदिर में मंगलवार सुबह जो हुआ, उसने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया। पूजा और श्रद्धा के बीच अचानक मची भगदड़ ने 9 लोगों की जान ले ली, जिनमें 8 महिलाएं शामिल हैं।लांकि प्रशासन की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

चैत्र महीने के आखिरी मंगलवार पर यहां हर साल की तरह हजारों श्रद्धालु पहुंचे थे। मंदिर परिसर छोटा, भीड़ बड़ी और व्यवस्था लगभग नदारद—इन तीन कारणों ने मिलकर एक बड़ी त्रासदी को जन्म दे दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दर्शन की जल्दी में लोग एक-दूसरे को धक्का देने लगे और कुछ ही पलों में हालात बेकाबू हो गए।

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जहां एक ओर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के कार्यक्रम को लेकर जिले में 2500 से ज्यादा जवान तैनात थे, वहीं मंदिर में मौजूद करीब 10 हजार श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं थे। यही सवाल अब पूरे सिस्टम पर भारी पड़ रहा है।

बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिले की पुलिस सुरक्षा व्यवस्था में व्यस्त थी। इसी बीच मंदिर परिसर में मेले के कारण अत्यधिक भीड़ इकट्ठा हो गई, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के बाद मेले की दुकानों को बंद कराया गया और पुलिस भीड़ को नियंत्रित करने में जुट गई।

हादसे के बाद का मंजर और भी दर्दनाक था। लोग अपने परिजनों को ढूंढते रहे, घायलों को ई-रिक्शा से अस्पताल पहुंचाया गया और एंबुलेंस करीब 40 मिनट बाद मौके पर पहुंची। अस्पताल में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

सरकार ने मृतकों के परिजनों को 6 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है, जबकि केंद्र की ओर से भी आर्थिक सहायता का ऐलान किया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घटना पर दुख जताते हुए जांच के आदेश दिए हैं। SHO को निलंबित कर दिया गया है और SIT टीम गठित कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

इस हादसे ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है—क्या हमारी व्यवस्थाएं सिर्फ वीआईपी कार्यक्रमों तक सीमित रह गई हैं? क्या आम लोगों की सुरक्षा अब भी प्राथमिकता नहीं बन पाई है?

आस्था के इस मेले में जहां लोग मन्नतें लेकर पहुंचे थे, वहीं कई घरों में अब सिर्फ मातम बचा है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : बेतिया में होटल पर प्रशासन का छापा, 80 गैस सिलेंडर बरामद; जांच तेज, कार्रवाई की तैयारी!
नालंदा से वीरेंद्र कुमार की रिपोर्ट….