मुजफ्फरपुर: दोस्तों के बीच रौब जमाने और सोशल मीडिया पर भौकाल दिखाने का कथित शौक दो किशोरों को पुलिस तक ले पहुंचा। मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर क्षेत्र के जामिन मठिया घाट से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है, जिसमें जन्मदिन के दौरान देसी कट्टा से केक काटते हुए दिखने की बात कही जा रही है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया है। उनके पास से एक देसी कट्टा बरामद किया गया है। वहीं, हथियार उपलब्ध कराने का आरोपित युवक फरार बताया जा रहा है।
बाइक पर रखा केक, कट्टा से काटने का बनाया वीडियो
मिली जानकारी के अनुसार, नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र ने अपने जन्मदिन पर दोस्तों को बुलाया था। दोस्तों के पहुंचने के बाद बाइक की पिछली सीट पर केक रखा गया। आरोप है कि इसके बाद देसी कट्टा से केक काटा गया और पूरी गतिविधि का वीडियो बनाया गया।
बताया जा रहा है कि दोस्तों के बीच रौब जमाने के लिए इस तरह जन्मदिन मनाया गया। बाद में वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया गया। यह वीडियो 10 अक्टूबर का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
गुप्त सूचना पर पुलिस की छापेमारी
एसडीपीओ पूर्वी-1 अलय वत्स के अनुसार, पानापुर ओपी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जामिन मठिया घाट के पास कुछ युवक देसी कट्टा लेकर जन्मदिन मना रहे हैं। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान दो विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया। पुलिस ने उनके पास से एक देसी कट्टा बरामद किया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।
नाबालिगों तक कैसे पहुंचा कट्टा?
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि किशोरों के पास देसी कट्टा कहां से आया और किसने उन्हें हथियार उपलब्ध कराया। हथियार देने का आरोपित युवक फरार बताया जा रहा है। उसकी तलाश में पुलिस जुटी है।
जांच में यह भी स्पष्ट किया जाएगा कि वीडियो कब और किन परिस्थितियों में बनाया गया था तथा इसमें शामिल लोगों की क्या भूमिका थी। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
सोशल मीडिया पर रौब दिखाने की कोशिश पड़ी भारी
इस घटना ने नाबालिगों के बीच हथियारों के इस्तेमाल और सोशल मीडिया पर रौब दिखाने की प्रवृत्ति को लेकर चिंता बढ़ा दी है। जन्मदिन जैसे अवसर पर हथियार का इस्तेमाल करना गंभीर सुरक्षा जोखिम पैदा कर सकता है। वीडियो के आधार पर शुरू हुई पुलिस कार्रवाई के बाद अब हथियार के स्रोत और फरार आरोपित की भूमिका पर नजर है।
ये खबर भी पढ़े: मोतिहारी में छात्रा से छेड़खानी के आरोप में BPSC शिक्षक को ग्रामीणों ने पकड़ा, थाने पहुंचा मामला!