मुजफ्फरपुर। फिल्म Sholay में Veeru का टंकी पर चढ़कर ‘बसंती’ को पाने वाला सीन तो आपने देखा ही होगा, लेकिन कुछ ऐसा ही नजारा बुधवार को मुजफ्फरपुर में हकीकत बन गया।
जिले के पारू थाना क्षेत्र के धरफरी गांव निवासी अनीश कुमार अपनी प्रेमिका को बुलाने की जिद में मुजफ्फरपुर जंक्शन के पास करीब 300 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और इलाके में हड़कंप मच गया।

बताया जाता है कि युवक ने साफ कह दिया था कि जब तक उसकी प्रेमिका को मौके पर नहीं बुलाया जाएगा, वह नीचे नहीं उतरेगा। इसी बीच वह लगातार फोन पर अपने परिजनों से बात करता रहा और जिद पर अड़ा रहा।
घटना की सूचना मिलते ही काजी मोहम्मदपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष नवलेश आजाद समेत पुलिस टीम और स्थानीय लोग युवक को समझाने में जुट गए। करीब 6 घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के दौरान युवक तेज धूप में टावर पर ही डटा रहा।

आखिरकार परिजनों और पुलिस की समझाइश के बाद युवक सुरक्षित नीचे उतर आया, जिसके बाद सभी ने राहत की सांस ली। बताया जा रहा है कि युवक हाल ही में पुणे से घर लौटा था और एक युवती से उसका प्रेम संबंध चल रहा है।
फिलहाल पूरे इलाके में इस घटना की चर्चा जोरों पर है, लेकिन पुलिस ने समझदारी दिखाते हुए एक संभावित बड़ी घटना को टाल दिया।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : सिर्फ स्किल नहीं, अब दिमाग भी होगा स्ट्रॉन्ग… हाजीपुर में शुरू होगा खास ट्रेनिंग प्रोग्राम!
मुजफ्फरपुर से आनंद सागर की रिपोर्ट…