लखीसराय: राज्य सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सेवा संवाद कार्यक्रम के तहत आम नागरिकों को अपनी समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर दिया जा रहा है। इसी क्रम में जिला प्रशासन की पहल पर जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय, लखीसराय में नियमित रूप से सेवा संवाद सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार यह सेवा संवाद कार्यक्रम प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 1:00 बजे तक जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय, समाहरणालय परिसर में आयोजित होगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम जनता की शिकायतों को सुनना, समस्याओं के समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना तथा राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाना है।
Bihar News : माउंट लिटरा ज़ी स्कूल का भव्य वार्षिकोत्सव, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन!
सेवा संवाद सत्र के दौरान नागरिक बिना किसी औपचारिक प्रक्रिया के सीधे कार्यालय में उपस्थित होकर अपनी बात रख सकते हैं। इससे प्रशासन और आमजन के बीच संवाद को मजबूती मिलेगी और समस्याओं का समयबद्ध समाधान संभव हो सकेगा।
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे मुख्यमंत्री सेवा संवाद कार्यक्रम का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और इस माध्यम से शासन-प्रशासन के साथ संवाद स्थापित करें, ताकि जनहित से जुड़े मामलों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
