रांची: झारखंड की राजधानी रांची में चल रहे JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के आंदोलन को रविवार को नया समर्थन मिला, जब फिल्म और टीवी अभिनेत्री कुनिका सदानंद जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचीं। उन्होंने भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए राज्य सरकार से संवाद और पारदर्शिता अपनाने की अपील की।
आंदोलन के 23वें दिन छात्रों के बीच पहुंची कुनिका सदानंद ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सरकार को छात्रों की बात गंभीरता से सुननी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा केवल एक निष्पक्ष अवसर की मांग कर रहे हैं, जो उनका अधिकार है।
कुनिका सदानंद ने हेमंत सोरेन सरकार से अपील करते हुए कहा कि प्रशासन को इस मामले में जवाबदेह और पारदर्शी रवैया अपनाना चाहिए। साथ ही उन्होंने छात्रों से भी संयम बनाए रखने और सरकार को समाधान के लिए उचित समय देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से चले आ रहे मुद्दों का समाधान एक दिन में संभव नहीं है, इसलिए लिखित आश्वासन और सकारात्मक संवाद के जरिए रास्ता निकाला जाना चाहिए।
इधर आंदोलनकारी छात्रों ने अपने आंदोलन को और तेज करने का ऐलान किया है। छात्र नेताओं के अनुसार 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इससे पहले छात्रों ने विभिन्न राजनीतिक नेताओं के खिलाफ विरोध मार्च निकालकर अपनी नाराजगी भी जताई।
छात्र नेताओं का आरोप है कि JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताएं हुई हैं, जबकि सरकार और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया में जुटी हैं। इसी मुद्दे को लेकर रांची में अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार जारी है।
कुनिका सदानंद के समर्थन से आंदोलन को नई चर्चा मिली है और छात्र संगठन इसे अपने संघर्ष के लिए महत्वपूर्ण नैतिक समर्थन मान रहे हैं।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: कांग्रेस पर बरसे मंत्री दिलीप जायसवाल, बोले- सत्ता से दूर रहने की बेचैनी अब पागलपन में बदल रही!