गया: लग्जरी ट्रेन के AC-2 कोच में सफर कर गांजे की खेप पहुंचाने का मामला सामने आया है। गया रेलवे जंक्शन पर RPF, CIB और GRP की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए भुवनेश्वर तेजस राजधानी एक्सप्रेस के AC-2 टियर कोच से एक युवती को करीब 15.8 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई जा रही है।
दरअसल, संयुक्त टीम को ट्रेन से मादक पदार्थ ले जाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर गया रेलवे स्टेशन पर जांच और निगरानी बढ़ाई गई। इसी दौरान तेजस राजधानी एक्सप्रेस के AC-2 कोच में यात्रा कर रही युवती की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। टीम ने शक के आधार पर उसके सामान की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान युवती के बैग से 15.8 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके बाद RPF ने उसे गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में युवती के झाझपुर से नई दिल्ली की यात्रा करने की बात सामने आई है।
RPF इंस्पेक्टर बनारसी यादव ने बताया कि रविवार देर रात तेजस राजधानी एक्सप्रेस के AC-2 कोच में जांच के दौरान युवती को गांजा के साथ पकड़ा गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
AC कोच में तस्करी का नया तरीका?
गौर करने वाली बात यह है कि मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले अब सामान्य या भीड़भाड़ वाली ट्रेनों के बजाय AC कोचों का इस्तेमाल कर सुरक्षा जांच से बचने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। हाल के दिनों में पटना और समस्तीपुर में महिलाओं के शराब तस्करी के मामलों के बाद अब गया में AC-2 कोच से युवती के गांजे के साथ पकड़े जाने ने तस्करी के बदलते तौर-तरीकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल RPF की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे सौंपा जाना था। मामले में पूछताछ और जांच जारी है।
ये खबर भी पढ़े: दिल्ली में चोरी, सुपौल में छिपा ‘खजाना’; जमीन खोदते ही निकला जेवरों से भरा बैग, 4.34 लाख कैश बरामद!