पटना/बाढ़: पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े आभूषण दुकानदार पर हमला किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। रामायण नगर मोहल्ले में घर के आगे सोना-चांदी की दुकान चलाने वाले दीपक कुमार पर ग्राहक बनकर पहुंचे दो युवकों ने हथौड़े से हमला कर दिया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
जानकारी के अनुसार, दो युवक ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचे और दुकानदार से सोने-चांदी के आभूषण दिखाने को कहा। कुछ आभूषण पसंद करने के बाद दोनों ने ऑनलाइन भुगतान करने की बात कही।
इसी दौरान जब दुकानदार सामान निकालने के लिए नीचे झुके, तभी एक युवक ने कथित तौर पर कमर से भारी हथौड़ा निकाला और दीपक कुमार के सिर पर कई वार कर दिए।
अचानक हमले से मची अफरा-तफरी
अचानक हुए हमले में दुकानदार घायल हो गए और मदद के लिए आवाज लगाने लगे। उनकी आवाज सुनकर परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों हमलावर वहां से फरार हो चुके थे।
परिजनों ने घायल दीपक कुमार को तत्काल बाढ़ अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के दौरान उनके सिर में कई टांके लगाए गए। हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें सीटी स्कैन और बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
घटना की सूचना मिलते ही बाढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, फुटेज में हमले की घटना रिकॉर्ड हुई है।
पुलिस अब CCTV फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
दिनदहाड़े वारदात से कारोबारियों में चिंता
आभूषण दुकान में दिनदहाड़े ग्राहक बनकर पहुंचे युवकों द्वारा दुकानदार पर किए गए हमले से इलाके के अन्य कारोबारियों में भी चिंता का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों तक पहुंचने के लिए CCTV समेत अन्य साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।
फिलहाल हमले के पीछे लूट की कोशिश थी या कोई अन्य वजह, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
ये खबर भी पढ़े: शेखपुरा में 35 जीविका दीदियों का डेयरी प्रबंधन प्रशिक्षण शुरू, RSETI ने उठाया महिला सशक्तीकरण का कदम!