स्वास्थ्य विभाग के कायाकल्प कार्यक्रम में शेखपुरा जिले के दो अस्पतालों ने पूरे बिहार में परचम लहराया है। जिला अस्पताल श्रेणी में सदर अस्पताल शेखपुरा को राज्य में तीसरा स्थान मिला है। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र श्रेणी में रेफरल अस्पताल बरबीघा को पहला स्थान मिला है। दोनों अस्पतालों को राज्य स्तरीय अवार्ड कमेटी ने पुरस्कृत किया है।
इको फ्रेंडली अस्पताल की श्रेणी में भी दोनों अस्पतालों का नाम पूरे बिहार में दर्ज हुआ है। सदर अस्पताल शेखपुरा और रेफरल अस्पताल बरबीघा को इको फ्रेंडली अस्पताल के रूप में मान्यता मिली है। पूरे राज्य में केवल शेखपुरा जिले के इन दो अस्पतालों को यह पहचान मिली है।
डॉ.राय बहादुर ने बताया कि अस्पतालों का मूल्यांकन स्वच्छता, रिकॉर्ड कीपिंग, रखरखाव और स्वास्थ्य सुविधाओं के आधार पर किया गया। दोनों अस्पताल इन सभी मानकों पर खरे उतरे हैं। जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ.दयाशंकर निधि ने कहा कि यह जिले के लोगों के लिए भी गर्व की बात है। दोनों अस्पतालों में राष्ट्रीय मानकों के अनुसार स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं।
पुरस्कार के रूप में सदर अस्पताल को 13 लाख रुपए और रेफरल अस्पताल बरबीघा को 20 लाख रुपए मिलेंगे। इस राशि से स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं में और सुधार किया जाएगा।
बरबीघा अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ.फैसल अरशद ने कहा कि टीम के अथक प्रयास से संभव हो सका है। बिहार में अव्वल अस्पताल चुने जाने पर अस्पताल के प्रबंधक त्रिलोकी नाथ को बड़ी संख्या में लोगों ने बधाई दी।