बांका: रजौन थाना क्षेत्र के एक गांव में स्कूल से घर लौट रही 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ रास्ते में रोककर छेड़खानी करने और जबरन मांग में सिंदूर डालने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना 30 सितंबर की बताई जा रही है। मामले में पीड़िता की मां के लिखित आवेदन पर रजौन पुलिस ने 6 युवकों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साइकिल से लौट रही थी छात्रा, मदनी फूल के पास घेरा
पीड़िता की मां द्वारा थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, 16 वर्षीय छात्रा स्कूल में पढ़ाई खत्म होने के बाद शाम करीब 4 बजे साइकिल से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान मदनी फूल के पास पहले से मौजूद 6 युवकों ने उसकी साइकिल रोक ली और उसके साथ छेड़खानी करने लगे। छात्रा ने जब इसका विरोध करते हुए शोर मचाया, तो आरोपियों ने उसे जबरन पकड़ लिया।
गाली-गलौज कर दी जान से मारने की धमकी
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि इसी बीच छात्रा के एक रिश्तेदार कुंदन कुमार ने जबरन उसकी मांग में सिंदूर भर दिया। छात्रा के कड़ा विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और पुलिस में शिकायत करने पर बर्बाद करने व जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। डरी-सहमी छात्रा ने घर पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी अपनी मां को दी, जिसके बाद परिजन थाने पहुंचे।
इन 6 युवकों पर दर्ज हुई प्राथमिकी:
- कुंदन कुमार (म्हाडा निवासी)
- रामकृष्ण कुमार (म्हाडा निवासी)
- साजन कुमार (म्हाडा निवासी)
- समर कुमार (म्हाडा निवासी)
- साहिल कुमार (म्हाडा निवासी)
- ज्योतिष कुमार (मदीहा, थाना सन्हौला, जिला भागलपुर निवासी)
पॉक्सो एक्ट और BNS की संगीन धाराओं में केस दर्ज
रजौन थाना पुलिस ने लिखित शिकायत के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 115(2), 76, 352, 351(2)(3), 3(5) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की धारा 7/8 के तहत केस दर्ज कर लिया है।
मामले की जांच की जिम्मेदारी एसआई किरण सोनी को सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी बिंदुओं और साक्ष्यों की जांच की जा रही है, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।
ये खबर भी पढ़े: गया में पत्नी के सामने विकास मित्र को अपराधियों ने गोलियों से भूना, चर्च से लौटते समय घात लगाकर वारदात को दिया अंजाम!