भागलपुर: भागलपुर जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब रंगदारी नहीं देने पर सीधे बमबारी, फायरिंग और लूटपाट जैसी घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। ताजा मामला जगदीशपुर थाना क्षेत्र के मकबरा, पुरैनी से सामने आया है, जहां एक घर को निशाना बनाकर बदमाशों ने जमकर तांडव मचाया।
पीड़िता बीबी रही (पति मोहम्मद शमशाद) ने भागलपुर एसएसपी को दिए आवेदन में बताया है कि आरोपियों ने पहले 10 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की थी। जब परिवार ने इसका विरोध किया और पुलिस में शिकायत की तैयारी करने लगा, तभी करीब 20 से 25 लोगों का एक गिरोह हथियारों से लैस होकर घर पर टूट पड़ा।
पीड़िता के अनुसार, हमलावरों में मोहम्मद हिरु, मोहम्मद मिंटू अंसारी, मोहम्मद खालिद अंसारी सहित कई नामजद और अन्य अज्ञात लोग शामिल थे। सभी के हाथों में पिस्तौल, लोहे की रॉड, हॉकी स्टिक और बम थे। आरोप है कि इन लोगों ने घर पर पहुंचते ही गाली-गलौज शुरू की और दहशत फैलाने के लिए बमबारी व कई राउंड फायरिंग की।
इसके बाद बदमाशों ने जबरन घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसकर महिलाओं और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट की। लाठी-डंडों और रॉड से हमला कर पूरे घर में अफरा-तफरी मचा दी गई। इस दौरान महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़िता का कहना है कि आरोपियों ने घर में रखी अलमारी से लगभग 7 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, 90 हजार रुपये नकद और अन्य कीमती सामान लूट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद से पूरे परिवार में दहशत का माहौल है।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना की लिखित शिकायत जगदीशपुर थाना में पहले ही दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। आरोप है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और केस वापस लेने के लिए लगातार धमकी दे रहे हैं।
पीड़ित परिवार ने अब भागलपुर एसएसपी से मामले की गंभीरता से जांच कर सभी नामजद और अज्ञात आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, सुरक्षा व्यवस्था और न्याय की मांग की है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: थाने के ठीक सामने बिल्डर की निर्मम हत्या, खून से लथपथ मिला शव; भागलपुर में मची सनसनी!
