सीतामढ़ी: मुहर्रम के अवसर पर शनिवार को सीतामढ़ी जिले में पूरे श्रद्धा, अकीदत और परंपरा के साथ ताज़िया जुलूस निकाला गया। जिले के विभिन्न इलाकों से निकले जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और हजरत इमाम हुसैन की शहादत को याद करते हुए उन्हें खिराज-ए-अकीदत पेश की।
ताज़िया जुलूस अपने निर्धारित मार्गों से शांतिपूर्ण ढंग से गुजरा। इस दौरान “या हुसैन” की सदाओं से पूरा माहौल गूंजता रहा। जुलूस के मार्गों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात रहे, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों की ओर से जुलूस में शामिल लोगों के लिए पानी और शर्बत की व्यवस्था की गई थी। विभिन्न समुदायों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई, जिससे आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश पूरे जिले में प्रसारित हुआ।
मुहर्रम का यह पर्व सीतामढ़ी में पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसने सामाजिक एकता और सद्भाव की मिसाल पेश की।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : बेटी की डोली उठी… और उसी पल थम गई पिता की सांसें, शादी के घर में छाया मातम!
