लखीसराय: गर्मी के बीच बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और आंखों में चमक—कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला लाल इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित दो दिवसीय “बाल उमंग उत्सव 2026” के दौरान। पूरा स्कूल परिसर हंसी, मस्ती और उत्साह से सराबोर रहा, जहां बच्चों ने पढ़ाई से अलग हटकर मनोरंजन का भरपूर आनंद उठाया।

उत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण स्कूल परिसर में बनाया गया मिनी वाटर पार्क रहा। रंग-बिरंगे फव्वारों और ठंडी जलधाराओं के बीच छात्र-छात्राएं पूरे जोश के साथ खेलते नजर आए। म्यूजिक की धुनों पर पानी में उछलते-कूदते बच्चों की मस्ती देखते ही बन रही थी। तेज गर्मी भी उनके उत्साह को कम नहीं कर सकी।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल के डायरेक्टर मुकेश कुमार, चेयरपर्सन ममता देवी और प्राचार्य मनीषा कुमारी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस मौके पर समाजसेवी व व्यवसायी मनोज कुमार अग्रवाल बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे और बच्चों का उत्साह बढ़ाया।

उत्सव में बच्चों के खान-पान का भी विशेष ध्यान रखा गया। उन्हें तरबूज, खीरा, लीची, पपीता और अनानास की ताजगी भरी फ्रूट चाट के साथ फ्रूट क्रीम परोसी गई। साथ ही बनाना शेक, मैंगो शेक, ठंडी लस्सी, तरबूज शेक, कॉफी शेक और आइसक्रीम ने बच्चों को गर्मी से राहत दी और स्वाद का मजा भी बढ़ाया।

प्राचार्य मनीषा कुमारी ने कहा कि बच्चों के समग्र विकास के लिए पढ़ाई के साथ मनोरंजन और मानसिक ताजगी बेहद जरूरी है। ऐसे आयोजन बच्चों को नई ऊर्जा देते हैं और उनके भीतर छिपी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं।

डायरेक्टर मुकेश कुमार ने बताया कि उत्सव का अंतिम दिन पूरी तरह छात्रों को समर्पित रहेगा, जिसमें विभिन्न गतिविधियों के आधार पर बच्चों को सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा।

इस दौरान शिक्षक यशवंत सिंह, अर्णव परासर (राजा कुमार), क्षितिज कुमार, उद्देश्य कुमार सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं भी बच्चों के उत्साह को बढ़ाते नजर आए।

दो दिनों तक चले इस उत्सव ने बच्चों को न सिर्फ गर्मी से राहत दी, बल्कि उन्हें खुशियों और यादों से भर दिया। “बाल उमंग उत्सव 2026” सच में बच्चों के लिए एक शानदार और अविस्मरणीय अनुभव बनकर उभरा।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : शिक्षा मंत्री से मिला बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ का प्रतिनिधिमंडल, 15 जून के बाद बैठक का आश्वासन!
