जहानाबाद: जिले के पारस बिगहा थाना क्षेत्र के पहाड़ी बीघा गांव में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 5 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। बताया जाता है कि तेज रफ्तार पुलिस वाहन ने सड़क पार कर रही बच्ची को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृत बच्ची की पहचान सिंटू मांझी की पुत्री नंदनी कुमारी के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्ची सड़क पार कर रही थी तभी विपरीत दिशा से आ रही पुलिस गाड़ी ने उसे कुचल दिया। आनन-फानन में परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। करीब एक घंटे तक सड़क जाम रहने के कारण यातायात बाधित रहा और लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मौके पर पहुंचे एसडीपीओ मनीष कुमार पाण्डेय ने बताया कि पुलिस वाहन की चपेट में आने से बच्ची की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को समझाकर सड़क जाम हटवाया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि नियमानुसार पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया जाएगा और मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : राजगीर में हॉकी का रोमांचक समापन, उत्तर प्रदेश बना चैंपियन, मध्य प्रदेश उपविजेता!
जहानाबाद से गौरव कुमार की रिपोर्ट…