पटना/गया: जमीन के कारोबार की आड़ में कथित तौर पर करोड़ों की संपत्ति खड़ी करने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त गिरोह के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को बिहार और झारखंड के चार जिलों में 10 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। कार्रवाई के केंद्र में गया निवासी सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव रहा। छापेमारी के बाद ईओयू ने भगत यादव, उसकी पत्नी सुनीता कुमारी, बेटे आर्यन कुमार और रौशन राज उर्फ रौशन कुमार को गिरफ्तार किया है।
ईओयू की कार्रवाई में जमीन से जुड़े दस्तावेजों का बड़ा जखीरा मिला है। जांच एजेंसी के अनुसार, अलग-अलग ठिकानों से 106 जमीन निबंधन डीड, 51 जमीन खरीद के एकरारनामे, 38 बैंक खातों के दस्तावेज, करीब 73.50 लाख रुपये नकद और जेवर खरीद से जुड़ी रसीदें बरामद हुई हैं। इसके अलावा 51 पन्नों की एक गोपनीय डायरी भी मिलने की जानकारी सामने आई है, जिसमें कथित तौर पर कई पदाधिकारियों के साथ वित्तीय लेन-देन का उल्लेख है। ईओयू ने दस्तावेजों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
15 करोड़ की संपत्ति का हिसाब, सरकारी मूल्य और भी ज्यादा
जांच में सामने आया है कि वर्ष 2008 से 2026 के बीच भगत यादव और उसके करीबियों के नाम 56 डीड के माध्यम से 6991.84 डिसमिल जमीन खरीदी गई। इन जमीनों का निबंधन मूल्य 10.12 करोड़ रुपये से अधिक बताया गया है। वहीं, भगत यादव ने पिछले 15-16 वर्षों में अपने और परिवार के नाम पर 67 निबंधित दस्तावेजों के जरिए करीब 7790 डिसमिल जमीन, फ्लैट और मकान अर्जित किए। इनकी अनुमानित कीमत करीब 15 करोड़ रुपये बताई गई है। ईओयू के मुताबिक, सरकारी सर्किल रेट के आधार पर इन संपत्तियों का मूल्य इससे कई गुना अधिक हो सकता है।
जांच में यह भी सामने आया है कि वर्ष 2014 से 2026 के बीच 827.37 डिसमिल जमीन करीब 1.90 करोड़ रुपये में बेची गई। डोभी थाना कांड से जुड़ी एक जमीन का सरकारी मूल्य 28.09 करोड़ रुपये बताया गया है, जबकि उसकी रजिस्ट्री अनन्या क्रॉप्स इन्फ्रा प्राइवेट लिमिटेड के नाम महज 1.47 करोड़ रुपये में कराए जाने की जानकारी मिली है।
पत्नी की आय 31 लाख, नाम पर 1.90 करोड़ की संपत्ति
ईओयू की जांच में परिवार के सदस्यों के नाम पर अर्जित संपत्तियों को लेकर भी कई सवाल सामने आए हैं। एजेंसी के अनुसार, पत्नी सुनीता कुमारी की घोषित आय करीब 31 लाख रुपये होने के बावजूद उनके नाम पर लगभग 1.90 करोड़ रुपये की जमीन और फ्लैट का ब्योरा मिला है। वहीं, बेटे की कोई घोषित आय नहीं होने के बावजूद उसके नाम जमीन, ईंट भट्ठा और चार हाइवा वाहन होने की जानकारी जांच में सामने आई है। सुनीता कुमारी डोभी प्रखंड प्रमुख भी हैं।
किस ठिकाने से क्या मिला?
भगत यादव के पटना स्थित आवास से 19.50 लाख रुपये नकद और भूखंड से जुड़े तीन दस्तावेज बरामद किए गए। डोभी, गया स्थित आवास से जमीन खरीद-बिक्री के 51 एकरारनामे, तीन लाख रुपये नकद और 11 बैंक खातों के कागजात मिले।
वहीं, सहयोगी सुधीर पांडेय के दाउदनगर स्थित आवास से 51 लाख रुपये नकद और जमीन के 28 निबंधन दस्तावेज बरामद हुए। इनमें कई दस्तावेज भगत यादव के साथ संयुक्त रूप से निबंधित बताए गए हैं। रौशन राज के आवास से जमीन के 15 निबंधन दस्तावेज, आठ बैंक खातों के कागजात, एलआईसी से जुड़े पांच दस्तावेज और जेवर खरीद की करीब दो दर्जन रसीदें मिलीं। हंटरगंज में शक्ति कुमार के आवास से जमीन के चार निबंधन दस्तावेज और 18 बैंक खातों के कागजात मिले। अरुण कुमार सिंह के आवास से भी जमीन के 11 निबंधन दस्तावेज और 11 बैंक खातों से जुड़े कागजात बरामद किए गए।
11 लोगों के नेटवर्क पर गंभीर आरोप
ईओयू के अनुसार, भगत यादव और उसके गिरोह के कुल 11 अभियुक्तों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस नेटवर्क पर जमीन पर अवैध कब्जा, रंगदारी, अपहरण, लूट, हत्या के प्रयास और अवैध बालू खनन जैसे गंभीर आरोप हैं। जांच में वर्ष 2001 से 2026 के बीच भगत यादव के खिलाफ 25 आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है। एजेंसी अब कथित आपराधिक गतिविधियों, संपत्ति अर्जित करने के तरीकों और धन के स्रोतों की जांच कर रही है।
राजनीति में भी रहा है सक्रिय
भगत यादव का संबंध राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से रहा है। वर्ष 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में शेरघाटी सीट से टिकट नहीं मिलने के बाद उसने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था। इसके बाद पार्टी ने उसे निष्कासित कर दिया था।
ईओयू की इस कार्रवाई के बाद अब जांच का दायरा केवल जमीन के दस्तावेजों तक सीमित नहीं है। एजेंसी कथित नेटवर्क के सदस्यों, संपत्ति के वास्तविक स्रोत और वित्तीय लेन-देन की कड़ियों की पड़ताल कर रही है। बरामद गोपनीय डायरी और बैंक खातों से जुड़े दस्तावेजों की जांच से आगे और खुलासे होने की संभावना है।
ये खबर भी पढ़े: पटना साहिब में बंदरों का खौफ; मुंबई से दर्शन करने आई महिला श्रद्धालु पर हमला, कपड़े फाड़े और काटकर किया घायल!