शेखपुरा: राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश लेकर पीएम श्री प्लस टू उच्च विद्यालय, बरबीघा के एनसीसी कैडेट्स ने राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह के साथ मनाया। 14/9 बिहार बटालियन एनसीसी से जुड़े कैडेट्स ने इस अवसर पर जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान प्रेरणादायक नारों के माध्यम से लोगों को एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया। इसके साथ ही नुक्कड़ नाटक और जनसंवाद के जरिए भी राष्ट्रीय एकता का महत्व समझाया गया।
कार्यक्रम में कैडेट्स ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सामाजिक एकता, भाईचारे और आपसी सहयोग का संदेश प्रस्तुत किया गया। इसमें कैडेट साक्षी कुमारी, मुस्कान कुमारी, तन्नु कुमारी और मुन्नी कुमारी सहित अन्य कैडेट्स ने अपने अभिनय से प्रभावशाली प्रस्तुति दी। वहीं जनसंवाद कार्यक्रम में कैडेट मनीषा कुमारी और कशिश ने अपनी बात रखकर लोगों को एकता और सद्भावना के प्रति जागरूक किया।

प्रतियोगिताओं में कैडेट्स ने दिखाई प्रतिभा
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों की रचनात्मकता और अभिव्यक्ति क्षमता को बढ़ावा देने के लिए निबंध, पेंटिंग, भाषण और नारा लेखन प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। निबंध प्रतियोगिता में शुभम कुमार ने प्रथम, तनु कुमारी ने द्वितीय और भारत कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
पेंटिंग प्रतियोगिता में कशिश प्रथम, लक्ष्मी कुमारी द्वितीय और सुदर्शन कुमार तृतीय स्थान पर रहे। भाषण प्रतियोगिता में पूजा कुमारी ने पहला, मनीषा कुमारी ने दूसरा और शुभम कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं नारा लेखन प्रतियोगिता में साक्षी कुमारी प्रथम, रागिनी कुमारी द्वितीय और मुन्नी कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।

एकता और देशभक्ति की भावना जगाना रहा उद्देश्य
विद्यालय के एनसीसी एएनओ सेकंड ऑफिसर गोपाल जी ने बताया कि 14/9 बिहार बटालियन एनसीसी के कैडेट्स ने राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर रैली, नुक्कड़ नाटक और जनसंवाद सहित कई गतिविधियों में भाग लिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, आपसी सद्भावना, भाईचारे और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है।
कार्यक्रम के माध्यम से कैडेट्स ने यह संदेश दिया कि देश की ताकत उसकी विविधता में एकता और नागरिकों के आपसी सहयोग में निहित है।

ये खबर भी पढ़े: शेखपुरा के 247 स्कूलों में ‘सुरक्षित बचपन अभियान’, न्यायिक पदाधिकारियों ने बच्चों को पढ़ाया कानून का पाठ!