जहानाबाद: बिहार में शराबबंदी के बीच अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जहानाबाद के घोसी थाना क्षेत्र के निरपुर में पुलिस ने नाकेबंदी कर एक ट्रक से अंग्रेजी शराब की 1719 बोतलें बरामद की हैं। बरामद शराब की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। मौके से दो कथित शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि शराब लदे ट्रक का चालक फरार हो गया।
पुलिस ने शराब की खेप के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही क्रेटा कार को भी जब्त किया है। अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर शराब की खेप के स्रोत और इसके वितरण नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।
गुप्त सूचना पर निरपुर में घेराबंदी
जहानाबाद के पुलिस अधीक्षक कोटा किरण के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि पंजाब से ट्रक के जरिए अंग्रेजी शराब की खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर घोसी थानाध्यक्ष सह डीएसपी अंकित कुमार के नेतृत्व में छापेमारी दल गठित किया गया।
पुलिस टीम ने घोसी थाना क्षेत्र के निरपुर में नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध ट्रक वहां पहुंचा। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन ट्रक चालक मौके से भाग निकला।
ट्रक के पीछे चल रही क्रेटा कार ने खींचा ध्यान
ट्रक के पीछे चल रही क्रेटा कार में सवार दो लोगों की गतिविधियों पर पुलिस को संदेह हुआ। जांच के बाद दोनों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद ट्रक की तलाशी ली गई, जिसमें करीब 1000 लीटर अंग्रेजी शराब की 1719 बोतलें बरामद हुईं।
पुलिस ने शराब लदे ट्रक और क्रेटा कार को जब्त कर लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।
काको और घोसी के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान काको थाना क्षेत्र के सातनपुर गांव निवासी अजीत कुमार और घोसी थाना क्षेत्र के सरिस्ताबाद निवासी मुन्ना कुमार के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि अजीत कुमार का आपराधिक इतिहास भी रहा है।
दोनों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब कहां से लाई गई थी, इसे कहां पहुंचाना था और इस कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
बिहारशरीफ में सिपाही की मौत के मामले को लेकर भी जांच
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जांच के दौरान यह पहलू भी देखा जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपियों का बिहारशरीफ में उत्पाद विभाग के पुलिसकर्मी की हत्या की घटना से कोई संबंध है या नहीं। यदि जांच में उनकी संलिप्तता सामने आती है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस संबंध में किसी की भूमिका की पुष्टि नहीं हुई है।
दशहरा के लिए जमा की जा रही थी शराब? जांच जारी
पुलिस को आशंका है कि दशहरा पर्व के मद्देनजर शराब की खेप जमा करने की योजना हो सकती थी। हालांकि, इस आशंका की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
जहानाबाद पुलिस का कहना है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। फिलहाल बरामद शराब, जब्त वाहनों और गिरफ्तार आरोपियों से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
ये खबर भी पढ़े: तीन साल की अध्या के दिल का होगा मुफ्त इलाज; लखीसराय से कोच्चि भेजी गई बच्ची, रोटरी क्लब उठाएगा ऑपरेशन का पूरा खर्च!
जहानाबाद से गौरव कुमार की रिपोर्ट…