सहरसा: दुर्गा पूजा के अवसर पर महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए सहरसा के एमएलटी कॉलेज खेल मैदान में महिला कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित की गई। नगर निगम के सभी वार्ड पार्षदों के सामूहिक प्रयास से हुए इस दंगल में देश के अलग-अलग राज्यों से आई महिला पहलवानों ने अपनी कुश्ती का दम दिखाया। ओलंपिक पदक विजेता पहलवान साक्षी मलिक ने विजेता पहलवानों को मेडल देकर उनका उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम का उद्घाटन नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा, जिला खेल पदाधिकारी तोसी कुमारी और वार्ड पार्षद आशीष कुमार सिंह व राजेश कुमार सिंह ने फीता काटकर किया। इस दौरान नगर आयुक्त ने साक्षी मलिक को पुष्पगुच्छ, प्रतीक चिह्न और 51 हजार रुपये नकद देकर सम्मानित किया।
रूबी थापा ने गायत्री को दी पटखनी
प्रतियोगिता की शुरुआत नेपाल की रूबी थापा और कानपुर की गायत्री कुमारी के मुकाबले से हुई। इसमें रूबी थापा ने शानदार दांव-पेच दिखाते हुए गायत्री को पराजित किया। गोरखपुर की ज्योति कुमारी और देवरिया की नेहा कुमारी के बीच मुकाबला बराबरी पर छूटा। दिल्ली की शिखा कुमारी और गोरखपुर की रानी कुमारी के बीच भी मुकाबला ड्रॉ रहा।
छपरा की संध्या कुमारी को गाजियाबाद की सपना कुमारी ने हराया। वहीं, गाजियाबाद की नेहा कुमारी ने बनारस की नंदनी कुमारी को पराजित किया। हरियाणा की खुशी कुमारी और गोरखपुर की रानी कुमारी के बीच हुए मुकाबले में रानी ने जीत दर्ज की।
पुरुष पहलवानों के बीच भी हुआ दंगल
कार्यक्रम में पुरुष पहलवानों के मुकाबले भी हुए। मथुरा के धर्मवीर कुमार ने बनारस के भीम कुमार को हराया। इसके बाद धर्मवीर कुमार और ओमवीर के बीच भी रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। कार्यक्रम का संचालन अयोध्या के बाबा बजरंगी दास पहलवान और मधेपुरा के अजय पहलवान ने किया। बंटी पहलवान ने रेफरी की भूमिका निभाई।
महिला कुश्ती को मिल रहा बढ़ावा : साक्षी मलिक
साक्षी मलिक ने कहा कि जब उन्होंने महिला कुश्ती की शुरुआत की थी, तब संसाधनों की काफी कमी थी और महिला पहलवानों को अपेक्षित सहयोग नहीं मिलता था। अब देश के राज्यों और जिला स्तर तक महिला कुश्ती को बढ़ावा दिया जा रहा है, जो खुशी की बात है।
नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा ने कहा कि जिले में नगर निगम के वार्ड पार्षदों के सहयोग से पहली बार महिला कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित की गई है। इससे महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा। वार्ड पार्षद आशीष कुमार सिंह ने बताया कि महिलाओं को मुख्यधारा से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया। सभी वार्ड पार्षदों ने इसमें सहयोग किया। उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण किसी जनप्रतिनिधि को आमंत्रित नहीं किया गया।
कार्यक्रम में राजा मिश्रा, गुलनियाज टिंकू, फिरोज आलम, पिंटू सिंह, दीपक कुमार, कैलाश साह, राजेश सिंह, ताबीस मैहर और दुर्गाकांत झा पिंटू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
ये खबर भी पढ़े: पलंग के नीचे छिपाकर रखे थे 1280 बोतल कफ सिरप, सहरसा में पिता-पुत्र गिरफ्तार!
सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट…