लखीसराय: खेल के मैदान में लखीसराय की बेटियों ने एक बार फिर जिले और पूरे बिहार का मान बढ़ाया है। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में आयोजित होने वाले चार दिवसीय ‘ईस्ट जोन यूनिवर्सिटी गेम्स (6 से 9 अक्टूबर 2026)’ में पाटलिपुत्र यूनिवर्सिटी (पटना) की ओर से लखीसराय की दो होनहार बालिका कबड्डी खिलाड़ी—आंचल कुमारी और प्रियंका कुमारी अपनी प्रतिभा का जलवा बिखेरेंगी।
बड़हिया की माटी से निकलीं दो ‘गोल्डन गर्ल्स’
ईस्ट जोन प्रतियोगिता में चयन होकर बिहार का प्रतिनिधित्व करने वाली आंचल कुमारी (वार्ड नंबर 9, बड़हिया) निवासी दिनेश साव की पुत्री हैं, जबकि प्रियंका कुमारी (वार्ड नंबर 22, बड़हिया) निवासी शंभू ठाकुर की पुत्री हैं। दोनों खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिताओं में अपनी स्वर्णिम सफलता का लोहा मनवाया है। इतना ही नहीं, दोनों बेटियां वर्ष 2025 और 2026 में आयोजित राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप में भी अपने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन कर चुकी हैं।
शुभकामनाओं के साथ छत्तीसगढ़ के लिए रवाना
जिला कबड्डी संघ लखीसराय की कोच आशिका शांडिल्य एवं शुभम कुमार ने रविवार को दोनों होनहार खिलाड़ियों को छत्तीसगढ़ के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस उपलब्धि पर संघ के अधिकारियों और खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह का माहौल है।
खिलाड़ियों को अपनी शुभकामनाएं देते हुए जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष डॉ. ओमप्रकाश, संरक्षक डॉ. रूपा, प्रेम प्रिया कुमारी, डॉ. कुमार अमित, डॉ. पंकज कुमार, धर्मेंद्र कुमार आर्य, चेयरमैन शंभू कुमार, संयुक्त सचिव सुनील कुमार शर्मा और कोषाध्यक्ष अनय कुमार ने कहा कि बड़हिया की इन बेटियों ने अपनी कड़ी मेहनत से साबित कर दिया है कि अगर हौसले बुलंद हों तो कोई भी लक्ष्य दूर नहीं। सभी अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि दोनों खिलाड़ी बिलासपुर में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर बिहार और पाटलिपुत्र यूनिवर्सिटी का नाम रोशन करेंगी।
