लखीसराय: सरकारी दफ्तरों में बैठकर स्वच्छता की अपील करने के बजाय गुरुवार को लखीसराय के रामगढ़ चौक बाजार में अधिकारी और जनप्रतिनिधि खुद सफाई के लिए मैदान में उतर गए। ‘स्वच्छता ही सेवा–2026’ के तहत आयोजित “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” अभियान में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार की अगुवाई में सामूहिक श्रमदान किया गया।
रामगढ़ चौक बाजार और आसपास के सार्वजनिक स्थलों पर चले अभियान में अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और स्वच्छता कर्मियों ने मिलकर सफाई की। अभियान का उद्देश्य सिर्फ कचरा हटाना नहीं, बल्कि लोगों को यह संदेश देना रहा कि सार्वजनिक जगहों को साफ रखना प्रशासन के साथ समाज की भी जिम्मेदारी है।
झाड़ू के साथ दिया जनभागीदारी का संदेश
अभियान के दौरान आम लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने और कचरे का उचित प्रबंधन करने की अपील की गई। अधिकारियों ने स्वच्छता को रोजमर्रा की आदत बनाने और अपने आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने पर जोर दिया।
सफाई कर्मियों को मिला ‘काम का हथियार’
कार्यक्रम में स्वच्छता कर्मियों को स्वच्छता उपकरण और किट भी वितरित किए गए। इसका उद्देश्य सफाई कार्य को अधिक सुरक्षित, प्रभावी और व्यवस्थित बनाना है।
कार्यक्रम में बीडीओ रामगढ़ चौक, एलएसबीए के पदाधिकारी-कर्मी, स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता महेंद्र यादव, राजकुमार महतो, स्वच्छता पर्यवेक्षक और बड़ी संख्या में स्वच्छता कर्मी शामिल हुए।
इस अभियान ने एक साफ संदेश दिया—सफाई सिर्फ अभियान के एक दिन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि रोज की आदत और सामूहिक जिम्मेदारी है। “स्वच्छता में सहभाग-स्वच्छ भारत, विकसित भारत” के संदेश के साथ लोगों से लगातार इस मुहिम से जुड़ने की अपील की गई।
ये खबर भी पढ़े: रोको-टोको में पुलिस दीदी ने रोका तो युवक ने जड़ दिया थप्पड़… पूरी घटना CCTV में कैद, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस!
