मुजफ्फरपुर: नगर थाना क्षेत्र के कंपनीबाग रोड स्थित बड़ी कर्बला के पास पुलिस ने एक मसाज पार्लर में छापेमारी कर कथित सेक्स रैकेट का खुलासा करने का दावा किया है। कार्रवाई के दौरान पार्लर संचालिका समेत छह महिलाओं को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने मौके से छह मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। मामले की जांच जारी है।
एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर डीआईयू, महिला थाना और नगर थाना की संयुक्त टीम ने पार्लर में छापेमारी की। पुलिस को सूचना मिली थी कि मसाज पार्लर की आड़ में कथित रूप से देह व्यापार से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
व्हाट्सऐप के जरिए संपर्क की जांच
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में ग्राहकों से डिजिटल माध्यम के जरिए संपर्क किए जाने की जानकारी मिली है। पुलिस अब जब्त मोबाइल फोन में मौजूद व्हाट्सऐप चैट और कॉल डिटेल की जांच कर रही है।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कथित नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल थे और पार्लर में गतिविधियों का संचालन किस तरह किया जा रहा था। हिरासत में ली गई महिलाओं से भी पूछताछ की जा रही है।
FSL टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर FSL टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस कार्रवाई के बाद संबंधित मसाज पार्लर को सील कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, हिरासत में ली गई महिलाओं की उम्र करीब 25 से 35 वर्ष के बीच है और वे जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों की रहने वाली बताई जा रही हैं।
नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश
पुलिस अब कथित सेक्स रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। मोबाइल फोन से मिलने वाले डिजिटल साक्ष्य और FSL रिपोर्ट को जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है।
एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस को कुछ पार्लरों में कथित अवैध गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी। इसी आधार पर कार्रवाई की गई। छह लोगों को हिरासत में लेकर महिला थाने की पुलिस पूछताछ कर रही है। उन्होंने बताया कि मामले में अग्रतर अनुसंधान जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये खबर भी पढ़े: किशनगंज में मां ने दो बच्चों को जहर दिया, तीनों अस्पताल में भर्ती; बच्चे स्थिर!