लखीसराय: भगवान विश्वकर्मा की जयंती के मौके पर गुरुवार को लखीसराय नगर परिषद परिसर में धार्मिक और सामाजिक आयोजन का भव्य नजारा देखने को मिला। केआरके हाई स्कूल स्थित नगर परिषद के प्रशासनिक भवन परिसर में स्थापित भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा की विधिवत पूजा-अर्चना की गई।
इस अवसर पर भगवान विश्वकर्मा की जयंती के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में जन्मदीपोत्सव भी मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान परिया पोखर के किनारे 5001 दीप जलाए गए, जिससे पूरा परिसर रोशनी से जगमगा उठा।
5001 दीपों से रोशन हुआ परिया पोखर का किनारा
नगर परिषद के सभापति अरविंद पासवान सहित वार्ड पार्षदों और अन्य लोगों ने परिया पोखर के किनारे दीप प्रज्वलित किए। इस दौरान देशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाल जीवन की कामना की गई।
सैकड़ों दीपों से जगमगाते पोखर का दृश्य लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।

नगर परिषद के चालकों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद के सभापति अरविंद पासवान ने नगर परिषद में कार्यरत सभी चालकों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। इसके बाद उन्हें प्रसाद स्वरूप भोजन भी कराया गया।
आयोजकों ने कहा कि नगर परिषद की व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में चालकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उनके सम्मान के जरिए उनके योगदान को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।

पूजा और दीपोत्सव में दिखा उत्साह
भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना के साथ आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम में नगर परिषद के जनप्रतिनिधियों और कर्मियों में उत्साह नजर आया। धार्मिक आयोजन के साथ सेवा और सम्मान की गतिविधियों ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
5001 दीपों की रोशनी से सजा परिया पोखर का किनारा देर शाम आकर्षण का केंद्र बना रहा।
ये खबर भी पढ़े: शेखपुरा में जमीन के कागजों का ‘ऑपरेशन क्लीन’; जमाबंदी की गड़बड़ियों पर प्रशासन का शिकंजा!
