शेखपुरा: सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित आंगन मिलन सह पोषण माह एवं अन्नप्राशन उत्सव में भाजपा जिलाध्यक्ष रेशमा भारती की मौजूदगी खास चर्चा में रही। शेखपुरा पूर्वी, शेखपुरा नगर और चेवाड़ा पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्रों पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं के योगदान को रेखांकित करते हुए उन्हें अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

रेशमा भारती ने कहा- पोषण की लड़ाई में सेविकाओं की अहम भूमिका
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेशमा भारती ने कहा कि आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाएं बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि कुपोषण के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने में इन कार्यकर्ताओं का योगदान समाज के लिए महत्वपूर्ण है।
उन्होंने प्रधानमंत्री की ओर से भेजे गए पत्र को भी कार्यक्रम में पढ़कर सुनाया और सेविका-सहायिकाओं के कार्यों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

अन्नप्राशन उत्सव के साथ पोषण का संदेश
कार्यक्रम में बच्चों के अन्नप्राशन उत्सव का आयोजन किया गया। रंगोली के माध्यम से पोषण और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों के बीच फल और चॉकलेट का वितरण भी किया गया।
आयोजन में भाजपा जिला उपाध्यक्ष वंदना विश्वकर्मा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष नीतू सिंह, महिला मोर्चा जिला महामंत्री रूपा बरनवाल, श्रवण पांडेय, जिला मंत्री रणजीत सिंह सहित आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चे, सेविका-सहायिकाएं और ग्रामीण मौजूद रहे।

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में पोषण जागरूकता के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के योगदान को सम्मान देने पर विशेष जोर रहा।
ये खबर भी पढ़े: मोदी के 25 साल की सेवा का शेखपुरा में दिखा असर, महादेव नगर पहुंचा ‘नमो सेवा’ स्वास्थ्य शिविर!