पटना: फेसबुक पर शुरू हुई दोस्ती धीरे-धीरे भरोसे में बदली और इसी भरोसे के सहारे एक युवक से करीब 70 लाख रुपये की साइबर ठगी कर ली गई। युवती ने पहले बातचीत के जरिए युवक का विश्वास जीता और बाद में ऑनलाइन बिजनेस में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया।
पटना में निजी कंपनी में काम करने वाले गया निवासी युवक ने युवती के बताए ऑनलाइन बिजनेस मॉडल ‘ई-रोजर शॉप’ में पहले छोटी रकम लगाई। निवेश पर मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाए जाने के बाद उसने रकम बढ़ानी शुरू कर दी। देखते ही देखते उसने अपनी वर्षों की जमा पूंजी से करीब 70 लाख रुपये लगा दिए।
पहले दोस्ती, फिर निवेश का जाल
शिकायत के मुताबिक, फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार होने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। मैसेंजर से शुरू हुई बातचीत फोन, व्हाट्सऐप और वीडियो कॉल तक पहुंच गई। इसी दौरान युवती ने युवक के प्रति भावनात्मक लगाव भी जताया।
भरोसा बढ़ने के बाद ऑनलाइन बिजनेस में निवेश का प्रस्ताव सामने आया। युवक को बताया गया कि रकम लगाने पर अच्छा रिटर्न मिलेगा। शुरुआत में छोटी रकम लगाने के बाद जब उसे मुनाफे का भरोसा दिलाया गया तो उसने बड़ी रकम निवेश कर दी।
70 लाख लगाने के बाद बंद हुआ रास्ता
जब युवक ने अपनी रकम वापस निकालनी चाही तो पैसा नहीं निकला। युवती से संपर्क कर रकम वापस मांगी गई, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद युवक को समझ आया कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुका है।
अब डिजिटल सुराग खंगाल रही पुलिस
पीड़ित ने पटना साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस को फेसबुक-व्हाट्सऐप बातचीत, मोबाइल नंबर और ऑनलाइन लेनदेन से जुड़ी जानकारी दी गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि रकम किन खातों में पहुंची और इसके पीछे सिर्फ एक युवती थी या पूरा साइबर गिरोह काम कर रहा था।
एक सोशल मीडिया फ्रेंडशिप ने युवक की वर्षों की जमा पूंजी को पलभर में खतरे में डाल दिया। यह मामला ऑनलाइन दोस्ती और निवेश के नाम पर होने वाले साइबर फ्रॉड को लेकर भी बड़ा अलर्ट है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप के लिए बिहार की तैयारी तेज, 57 खिलाड़ियों का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन!