बेतिया: पश्चिमी चंपारण जिले में बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बेतिया से मैनाटाड़ जा रही यात्रियों से भरी बस पूर्वी पकुहवा के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पोखर में पलट गई। हादसे के वक्त बस में करीब 20 यात्री सवार थे। बस के पोखर में गिरते ही यात्रियों के बीच अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
राहत की बात यह रही कि स्थानीय लोगों की तत्परता से बस में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
सामने आया टेंपो, बचाने के चक्कर में बिगड़ा बस का संतुलन
जानकारी के अनुसार, बस बेतिया से मैनाटाड़ की ओर जा रही थी। पूर्वी पकुहवा के पास सड़क के मोड़ पर अचानक सामने से एक टेंपो आ गया। बताया जा रहा है कि टेंपो को बचाने के प्रयास में बस चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया।
इसके बाद तेज रफ्तार बस सड़क किनारे स्थित पोखर में पलट गई। कुछ ही सेकेंड में यात्रियों से भरी बस पोखर में जा गिरी और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
चीख-पुकार सुन दौड़े स्थानीय लोग
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। बस को पोखर में पलटा देखकर स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए बचाव कार्य शुरू कर दिया। कई लोग पोखर में उतर गए और बस के अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालने लगे।
काफी मशक्कत के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल था, लेकिन सभी के सुरक्षित निकलने से लोगों ने राहत की सांस ली।
चालक और खलासी मौके से फरार
हादसे के बाद बस का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
सीओ सुमंत कुमार, मैनाटाड़ थानाध्यक्ष बबलू कुमार और पुरुषोत्तमपुर थानाध्यक्ष कमलेश भगत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और यात्रियों से हादसे के संबंध में जानकारी ली।
पुलिस ने संभाली स्थिति
हादसे के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को हटाया और यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया।
मैनाटाड़ थानाध्यक्ष बबलू कुमार ने बताया कि बस में करीब 20 यात्री सवार थे और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जानकारी जुटा रही है। प्रारंभिक तौर पर टेंपो को बचाने के दौरान बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: 12 दिन से लापता सूरज मोदी, पत्नी की एसपी से भावुक गुहार- जिंदा हो या मुर्दा, मेरे पति को खोजिए!