पटना: पटना में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। राजीव नगर थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक युवक को 6.70 लाख रुपये के स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी हेलमेट के अंदर छिपाकर स्मैक ले जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, राजीव नगर इलाके के नेपाली नगर में सुबह करीब 9 बजे वाहन जांच अभियान चल रहा था। इसी दौरान एक बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगा। शक होने पर पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान युवक के पास से 1500 से अधिक छोटे-छोटे पुड़िया बरामद किए गए। जांच में पता चला कि इनमें स्मैक भरा हुआ था। बरामद स्मैक का कुल वजन 585.37 ग्राम बताया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान भोजपुर जिले के धोबहा निवासी रवि कुमार (25) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने स्मैक को हेलमेट के अंदर काले प्लास्टिक में छिपाकर रखा था।
एएसपी लॉ एंड ऑर्डर-2 कोमल मीणा ने बताया कि आरोपी के पास से स्मैक के अलावा एक बाइक, मोबाइल फोन और 1559 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। मामले में राजीव नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और स्मैक सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी है। भोजपुर कनेक्शन को भी खंगाला जा रहा है, क्योंकि इससे पहले भी नशे के मामलों में इस इलाके के तार सामने आते रहे हैं।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: पटना से गया तक बम धमकी का साया, CM हाउस, स्कूलों के बाद डाकघर-पासपोर्ट सेंटर भी अलर्ट!