भागलपुर: अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भागलपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अकबरनगर थाना क्षेत्र के हरियो टोला पानी टंकी के समीप पुलिस ने छापेमारी कर 2 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया है। मामले में पुलिस ने मां-बेटे समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर कुमार, उसकी मां शीला देवी और शकुंतला देवी के रूप में हुई है। पुलिस अब इस पूरे मामले में गांजा सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। श्रावणी मेला को देखते हुए भी संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि अकबरनगर थाना क्षेत्र के हरियो टोला स्थित एक घर में गांजा की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
पुलिस को देखते ही घर में मौजूद लोग भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान घर से 2.4 किलो गांजा बरामद किया गया।
सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से लाते थे और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

ये खबर भी पढ़े: Bihar: ईओ की हत्या पर उबाल, शेखपुरा नप के दफ्तरों में पसरा सन्नाटा… काला बिल्ला लगाकर कर्मियों ने कहा- सुरक्षा दो, न्याय दो!