नई दिल्ली: संसद का मानसून सत्र शुक्रवार को भी हंगामेदार रहा। राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे को लेकर विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पूर्णिया सांसद पप्पू यादव पुजारी के वेश में दानपेटी लेकर संसद पहुंचे और सरकार पर निशाना साधा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई विपक्षी सांसदों ने पप्पू यादव की दानपेटी में चंदा डाला। विपक्षी सांसदों के हाथों में बैनर थे, जिनमें गृह मंत्री अमित शाह की संसद में मौजूदगी को लेकर सवाल उठाए गए थे।
पुजारी बनकर पहुंचे पप्पू यादव, दानपेटी बनी विरोध का हथियार
पप्पू यादव संसद के मकर द्वार पर दानपेटी लेकर बैठे नजर आए। उन्होंने इस अनोखे तरीके से राम मंदिर चढ़ावे से जुड़े विवाद को लेकर सरकार पर हमला बोला।
विपक्षी सांसदों ने प्रदर्शन के जरिए मंदिर से जुड़े मामलों में पारदर्शिता की मांग उठाई और केंद्र सरकार को घेरने की कोशिश की।
लोकसभा में हंगामा, कार्यवाही स्थगित
संसद की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने विभिन्न मुद्दों को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही पहले दोपहर 12 बजे तक स्थगित करनी पड़ी।
बाद में कार्यवाही दोबारा शुरू हुई, जहां केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने जन्म-मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, 2026 को पारित कराने का प्रस्ताव रखा। बिल ध्वनि मत से पास हो गया।
इसके बाद लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही 3 अगस्त तक के लिए स्थगित कर दी गई।
राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार नोटिस
इधर बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन और सदन की अवमानना का नोटिस दिया है।
आरोप है कि राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ सदन में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। बीजेपी ने उनके बयान को असंसदीय बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
विपक्ष और सरकार आमने-सामने
संसद के मानसून सत्र में लगातार पेपर लीक कानून, वंदे मातरम बिल, जन्म-मृत्यु संशोधन बिल और अन्य मुद्दों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव जारी है।
ये खबर भी पढ़े: Jharkhand: खनिजों की पहचान से आगे बढ़ेगा झारखंड, अब महिला उद्यमिता बनेगी नई ताकत, IIM कलकत्ता के साथ शुरू हुआ बड़ा मिशन!