हाजीपुर: बिहार के हाजीपुर में पैसे के विवाद को लेकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि मजदूरी के बकाया पैसे मांगने पर एक ठेकेदार ने अपने ही मजदूर की गोली मारकर हत्या करवा दी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई है।
मामला वैशाली जिले के गोरौल थाना क्षेत्र के वसीपुर कटरमाला गांव का है। मृतक की पहचान अमित कुमार के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि अमित पिछले करीब 5 वर्षों से गांव के ही ठेकेदार आशुतोष कुमार के साथ तमिलनाडु में मजदूरी करता था।
परिजनों के मुताबिक, अमित अपने गांव में जमीन खरीदना चाहता था और इसी वजह से वह ठेकेदार के पास अपने पांच साल की मजदूरी का हिसाब मांग रहा था। आरोप है कि अमित को सिर्फ खर्च और जरूरत के हिसाब से पैसे दिए जाते थे, जबकि उसका काफी पैसा बकाया था।
बताया जा रहा है कि पैसे मांगने को लेकर ठेकेदार और अमित के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बाद अमित को घर से बुलाया गया और पहले से घात लगाए अपराधियों ने उसके सिर में गोली मार दी। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही वैशाली एसपी शुभांक मिश्रा घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
मृतक के पिता नगीना सिंह ने गांव के ठेकेदार आशुतोष कुमार पर हत्या कराने का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मजदूरी के पैसे मांगने के कारण अमित की हत्या कर दी गई।
वहीं, घटना के बाद आरोपी ठेकेदार घर छोड़कर फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे पैसे का विवाद मुख्य कारण है या कोई अन्य वजह, इसका खुलासा जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हो पाएगा।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: गया में दो लोग जिंदा जले, कार-ट्रक की भीषण टक्कर के बाद धू-धू कर जल उठी कार!