गया: बिहार के गया जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सनसनी फैला दी। बोधगया थाना क्षेत्र के सिजुआ गांव के पास डोभी-पटना फोरलेन पर कार और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर के बाद कार आग के गोले में बदल गई। इस हादसे में कार सवार दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना बुधवार देर रात करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते पूरा वाहन आग की लपटों से घिर गया। कार में बैठे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से गंभीर रूप से झुलसे कार चालक को किसी तरह बाहर निकाला गया और इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
कार से मिले दो जले शव, पहचान नहीं हुई
घटना की सूचना मिलते ही बोधगया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस ने कार के अंदर से दो जले हुए शव बरामद किए हैं। दोनों मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए ANMMCH भेज दिया है और मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
सर्विस लेन से फोरलेन पर चढ़ रहा था ट्रक
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि खाद से लदा एक दस चक्का ट्रक सर्विस लेन की ओर से विपरीत दिशा में फोरलेन पर आ रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार उससे टकरा गई।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हादसे की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
पुलिस को घटनास्थल से कार के अंदर शराब की खाली बोतलें भी मिली हैं। हालांकि हादसे की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: मुजफ्फरपुर की बहू ने रचा इतिहास, तीन बच्चों की मां सोनी गुप्ता बनीं ‘मिसेज बिहार 2026’!