शेखपुरा (बिहार): शेखपुरा में एक बार फिर कानून-व्यवस्था और साइबर अपराध को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बरबीघा थाना क्षेत्र के कुतुबचक गांव में युवक पर तलवार से हमले का वायरल वीडियो सामने आने के बाद मामला अब सिर्फ आपसी विवाद नहीं, बल्कि साइबर अपराध से जुड़े पैसों के बंटवारे तक जा पहुंचा है।
बताया जा रहा है कि 15 जून की शाम डेयरी दुकान पर मौजूद प्रशांत कुमार के पास राहुल कुमार और सोनू कुमार उर्फ धर्मेश पहुंचे। पहले कहासुनी हुई और फिर देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि काउंटर से करीब 20 हजार रुपये निकालने के बाद दोनों युवक प्रशांत को बाहर ले गए और उस पर तलवार से हमला कर दिया। गर्दन पर वार से बचने के दौरान उसके हाथ की तीन उंगलियां कट गईं। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।
स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि यह विवाद साइबर ठगी से आए पैसों के बंटवारे को लेकर हुआ था। अगर यह सच है, तो यह सवाल और भी गंभीर हो जाता है कि आखिर शेखपुरा जैसे जिले में साइबर अपराध की जड़ें कितनी गहरी हो चुकी हैं।
सबसे बड़ा सवाल पुलिस की भूमिका पर उठ रहा है। इलाके में लगातार बढ़ते अपराध, खुलेआम हथियार लहराते युवक और वायरल हो रहे वीडियो यह संकेत दे रहे हैं कि अपराधियों में पुलिस का खौफ लगभग खत्म होता जा रहा है। लोग यह भी पूछ रहे हैं कि अगर समय रहते सख्ती होती, तो क्या इतनी बड़ी वारदात टाली जा सकती थी?
हालांकि, बरबीघा थानाध्यक्ष गौरव कुमार का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। लेकिन जमीन पर हकीकत यह है कि घटना के बाद गांव में सन्नाटा है, लोग खुलकर बोलने से बच रहे हैं और डर का माहौल बना हुआ है।
यह घटना सिर्फ एक आपराधिक वारदात नहीं, बल्कि शेखपुरा में फैलते साइबर नेटवर्क और कमजोर होती कानून व्यवस्था की एक खतरनाक तस्वीर पेश कर रही है। अब देखना यह होगा कि पुलिस इस मामले में कितनी तेजी और सख्ती दिखाती है, या फिर यह मामला भी बाकी मामलों की तरह फाइलों में सिमट कर रह जाएगा।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : वायरल वीडियो केस में अनंत सिंह को राहत, शर्तों के साथ मिली अग्रिम जमानत!
