सहरसा: जिले के बैजनाथपुर थाना क्षेत्र में आपसी विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जब एक युवक को गोली मार दी गई। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना सबैला मूसहरी टोला के समीप की है, जहां सुबह गाड़ी साइड करने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला गोलीबारी तक पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि श्रवण कुमार नामक युवक मकई के खेत की ओर गया हुआ था। इसी दौरान पहले से घात लगाए आरोपियों ने उसे निशाना बनाते हुए गोली मार दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को तुरंत सहरसा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घायल युवक ने कुंदन कुमार सहित दो लोगों पर गोली मारने का आरोप लगाया है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग काफी आक्रोशित नजर आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही बैजनाथपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद की बात सामने आ रही है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर यह दर्शाती है कि छोटी-छोटी बातों पर बढ़ता विवाद किस तरह गंभीर अपराध का रूप ले सकता है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : खगड़िया में रिश्तों ने लिया खूनी रूप… चचेरे भाई ने बुलाया और मार दी गोली!
सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट…