सहरसा: जिले के महिषी थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध संत कारू बाबा मंदिर परिसर में रविवार दोपहर (4 अक्टूबर) को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मंदिर के महंत और उनके समर्थकों ने ग्रामीणों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। पूर्व से चले आ रहे विवाद को लेकर हुए इस खूनी संघर्ष में दो लोगों को गोली लगी है। घटना के बाद उग्र ग्रामीणों ने महंत और उनके समर्थकों को मंदिर परिसर में ही बंधक बना लिया और उनकी एक गाड़ी को आग के हवाले कर दिया।
विवाद में तनी बंदूकें, 2 लोग घायल
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर लगभग 4:00 से 4:30 बजे के बीच मंदिर परिसर में पूर्व से चल रहे विवाद को लेकर ग्रामीणों और महंत पक्ष के बीच बहस शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मंदिर के महंत निरंजन यादव और उनके साथियों ने ग्रामीणों पर गोलियां चला दीं।
इस गोलीबारी में एक व्यक्ति के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे व्यक्ति को गोली छूकर निकल गई। घटना के बाद दोनों घायलों को तुरंत इलाज के लिए भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है।
गुस्साए ग्रामीणों ने महंत को बनाया बंधक, गाड़ी में लगाई आग
फायरिंग की घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने एकजुट होकर महंत निरंजन यादव और उनके सहयोगियों को मंदिर परिसर के भीतर ही बंधक बना लिया। इस दौरान उग्र भीड़ ने महंत की एक गाड़ी में आग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही महिषी थानाध्यक्ष और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) सदर सहरसा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
मंदिर से अवैध हथियार व कारतूस बरामद, मुख्य आरोपी महंत गिरफ्तार
पुलिस टीम ने मंदिर परिसर की गहन तलाशी ली, जहां से अवैध हथियार और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए हैं। ग्रामीणों के कड़े विरोध और आक्रोश के बीच पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी महंत निरंजन यादव और उसके अन्य सहयोगियों को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया।
पुलिस बल तैनात, विधि-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर भी होगी FIR
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मंदिर परिसर में संदेह के आधार पर रोके गए अन्य लोगों के सत्यापन की प्रक्रिया जारी है। घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना को लेकर प्राथमिक कांड (FIR) दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही, कानून-व्यवस्था को हाथ में लेने और उपद्रव करने वाले तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ भी पृथक से प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
ये खबर भी पढ़े: मदद चाहिए या गोली? सारण में बाढ़ पीड़ितों पर खाकी की गुंडागर्दी, मकेर थानाध्यक्ष सस्पेंड!