लखीसराय: पीएम श्री प्लस +2 उच्च विद्यालय बड़हिया का परिसर उस वक्त भावनाओं से भर उठा, जब वर्षों तक निष्ठा और समर्पण के साथ सेवा देने वाले परिचारी राम ललित विद्यार्थी को विदाई दी गई। यह विदाई सिर्फ एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सम्मान, स्मृतियों और कृतज्ञता का जीवंत उदाहरण बन गई। विद्यालय परिवार ने मिलकर इस अवसर को यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
Bihar News : सूर्यगढ़ा में बच्चों की देशभक्ति ने बांधा समां, शिवतांडव और राष्ट्रगीतों से गूंजा मंच!
सम्मान समारोह की अध्यक्षता बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष रामकिंकर सिंह ने की। मंच पर संघ के राज्य कार्यकारिणी सदस्य विपिन कुमार सिंह, संयुक्त सचिव-सह-मुख्य प्रवक्ता डॉ. ओमप्रकाश, जिला सचिव सचिन रामलोचन सिंह सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन भी विपिन कुमार सिंह ने कुशलतापूर्वक किया।

वक्ताओं ने अपने संबोधन में राम ललित विद्यार्थी के सेवाकाल को विद्यालय की अमूल्य धरोहर बताया। डॉ. ओमप्रकाश ने कहा कि यह सम्मान संघ की संस्कृति और एकजुटता का प्रतीक है, वहीं जिलाध्यक्ष रामकिंकर सिंह ने संघ से निष्ठा और धैर्य के साथ जुड़े रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम की सबसे भावुक घड़ी तब आई, जब छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत, नृत्य और विदाई गीत प्रस्तुत किए। गीतों के बोल और बच्चों की आंखों की नमी ने माहौल को भावुक कर दिया। अंत में सफल आयोजन के लिए विद्यालय की प्राचार्या डॉ. किरण कुमारी को चादर, डायरी, पेन और शील्ड देकर सम्मानित किया गया।

यह समारोह साबित कर गया कि विद्यालय सिर्फ पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि रिश्तों और सम्मान की मजबूत नींव भी होता है।
