पटना: कबड्डी के मैदान में शुक्रवार को ऐसा मुकाबला देखने को मिला, जिसने दर्शकों की सांसें आखिरी पल तक थामे रखीं। फतुहा स्थित देव कबड्डी अकैडमी में नेपाल महिला कबड्डी टीम और बिहार महिला कबड्डी टीम के बीच खेला गया मुकाबला रोमांच से भरपूर रहा, जहां नेपाल ने 31-29 से जीत दर्ज कर सबका ध्यान खींच लिया।

यह सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि दो टीमों के जज्बे और संघर्ष की कहानी थी। एक तरफ नेपाल की टीम, जो 1 अप्रैल से यहां प्रशिक्षण ले रही है, तो दूसरी तरफ बिहार की घरेलू टीम, जिसने पूरे मुकाबले में जबरदस्त टक्कर दी। हर रेड, हर टैकल और हर अंक के साथ मुकाबला और भी दिलचस्प होता गया।
पहले हाफ से ही दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। कभी बिहार आगे निकलती तो कभी नेपाल पलटवार कर स्कोर बराबर कर देता। जैसे-जैसे मैच अंतिम चरण में पहुंचा, मैदान का माहौल और भी गर्म होता गया। अंत में नेपाल की टीम ने संयम और रणनीति के दम पर दो अंकों की बढ़त बनाकर जीत अपने नाम कर ली।

इस मुकाबले का आयोजन एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के दिशा-निर्देश पर बिहार स्टेट कबड्डी एसोसिएशन द्वारा किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन एसोसिएशन के सभापति कुमार विजय, नेपाल टीम की प्रशिक्षक पार्वती राय और हरिना थापा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
मैच के दौरान अंतरराष्ट्रीय निर्णायक राणा रणजीत सिंह, एनआईएस प्रशिक्षक भवेश कुमार और प्रो कबड्डी के निर्णायक सुभाष कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

यह मुकाबला सिर्फ जीत-हार तक सीमित नहीं रहा, बल्कि दोनों टीमों के बीच खेल भावना, रणनीति और कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिला। आने वाले दिनों में इस प्रशिक्षण शिविर से और भी रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद जताई जा रही है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : नालंदा कांड पर चढ़ा सियासी पारा, पीड़िता से मिले पप्पू यादव—सरकार पर सीधा हमला!