नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र में कृषि पटवन के लिए बिछाए गए बिजली तार की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से देशी कट्टा, कार और चोरी किए गए तार बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में रहुई थाना में कांड दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था। जांच के दौरान 2 अप्रैल 2026 को छापेमारी कर छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अपराधियों में जगमोहन पासवान (मुख्य सरगना), ओमनारायण, सुबोध कुमार, अनिकेत कुमार, मिथुन कुमार और शत्रुधन कुमार शामिल हैं।
पुलिस ने इनके पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक सफेद रंग की Maruti Suzuki Ertiga कार, पांच बिजली तार के बंडल, छह स्मार्टफोन और तार काटने वाली कटर मशीन बरामद की है। पूछताछ में मुख्य आरोपी जगमोहन पासवान ने स्वीकार किया है कि वह अपने गिरोह के साथ नालंदा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बिजली तार चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।
इस छापेमारी अभियान में जिला आसूचना इकाई और रहुई थाना पुलिस की टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि इन अपराधियों की गिरफ्तारी से जिले के कई थानों में दर्ज बिजली तार चोरी के मामलों का उद्भेदन हुआ है।
फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है और उनके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। पुलिस आगे भी इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : कटिहार का डॉक्टर नशे में बेसुध, अस्पताल बना शराब पार्टी का मैदान?
नालंदा से वीरेंद्र कुमार की रिपोर्ट…