नालंदा: बाजार की भीड़, दुकान में ग्राहक… और उसी बीच कुछ सेकेंड में ऐसा खेल हुआ कि किसी को भनक तक नहीं लगी। परवलपुर बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान से सवा लाख रुपये के 8 सोने के लॉकेट दिनदहाड़े गायब हो गए। हैरानी की बात यह है कि पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
घटना श्री हरी ज्वेलर्स की है। जानकारी के मुताबिक, दुकान संचालक किसी काम से बाहर गए थे और काउंटर पर उनका बेटा बैठा था। इसी दौरान सुबह करीब 11:30 बजे एक युवक दुकान में दाखिल हुआ। उसने खुद को ग्राहक बताते हुए हनुमान जी का सोने का लॉकेट दिखाने को कहा।
दुकानदार ने करीब 10 ग्राम वजन वाले अलग-अलग डिजाइन के 8 गोल्ड लॉकेट ट्रे में निकालकर सामने रख दिए। तभी एक और ग्राहक के आने पर दुकानदार का ध्यान बंट गया। बस, यही वो पल था जिसका इंतजार शातिर कर रहा था।
कुछ ही सेकेंड में युवक ने सभी लॉकेट समेटे, पैकेट में रखा और बिल्कुल सामान्य अंदाज में दुकान से बाहर निकल गया। जब दुकानदार की नजर ट्रे पर पड़ी, तो लॉकेट गायब थे। उसने तुरंत बाहर दौड़कर आरोपी का पीछा किया, लेकिन तब तक वह भीड़ में गुम हो चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही परवलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच शुरू कर दी। फुटेज में आरोपी युवक साफ दिखाई दे रहा है—जींस, हल्की टी-शर्ट और गमछा पहने, बिना किसी घबराहट के दुकान से निकलता हुआ।
थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: कहीं स्मैक, कहीं नकली सोना… और स्कॉर्पियो से निकले 35 लाख—पटना में क्या चल रहा है?
