मोतिहारी: पूर्वी चंपारण में डूबने की अलग-अलग घटनाओं ने पर्व और खुशी के माहौल को मातम में बदल दिया। पहाड़पुर में जिउतिया पर्व के दौरान चार नाबालिग बच्चियों की मौत के बाद बंजरिया थाना क्षेत्र में जन्मदिन मनाने पहुंचे तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई। वहीं घोड़ासहन प्रखंड क्षेत्र में जिउतिया पर्व के दौरान स्नान करने गई एक महिला की भी डूबने से मौत हो गई। इन घटनाओं के बाद जिले में डूबने से मौत का आंकड़ा आठ तक पहुंच गया है।
बंजरिया थाना क्षेत्र के राजघाट छठ घाट पर शनिवार को जन्मदिन मनाने पहुंचे छह युवक नहर में स्नान करने लगे। इसी दौरान समीर अंसारी (18), शकील अंसारी (18) और यश राज (17) गहरे पानी में चले गए और डूब गए। तीनों चेलाहा टाल के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, सभी युवक दो बाइकों से अपने दोस्त शाकिब का जन्मदिन मनाने राजघाट पहुंचे थे। पहले केक काटकर जन्मदिन मनाया गया। इसके बाद सभी नहर में स्नान करने लगे। इसी दौरान तीन युवक गहरे पानी की ओर चले गए और हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। झाकिया और अजगरी चूड़ीहरवा टोला के करीब 21 गोताखोरों ने चट्टी जाल की मदद से नहर में तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद तीनों युवकों के शव बरामद किए गए।
बंजरिया के सीओ कृष्णप्रताप सिंह ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
इधर, सदर अस्पताल के मैनेजर कौशल दुबे के अनुसार, हादसे के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाया गया। घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रखंड प्रमुख अनिल कुमार उर्फ पप्पू यादव ने घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने लोगों से अपील की कि बाढ़ के पानी, नहरों और आसपास की नदियों में स्नान करने से बचें तथा पानी में उतरते समय विशेष सावधानी बरतें।
पिछले हादसों के बाद एक के बाद एक सामने आई इन घटनाओं ने जिले में पर्व और सार्वजनिक जलस्रोतों के दौरान सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन की ओर से भी लोगों से जलजमाव, नहर और नदी के गहरे पानी में जाने से बचने की अपील की जा रही है।
ये खबर भी पढ़े: धान के खेत में बिछा था मौत का जाल, करंट की चपेट में पति-पत्नी समेत 3 की मौत!