सीतामढ़ी: सीतामढ़ी जिले के बैरगनिया प्रखंड के अख्ता पश्चिमी चकवा पंचायत स्थित तकिया टोला, वार्ड नंबर-5 में शनिवार की भोर दर्दनाक हादसा हो गया। धान के खेत में बिछे खुले बिजली तार की चपेट में आने से पति-पत्नी समेत तीन ग्रामीणों की मौत हो गई। हादसे में दो-तीन अन्य लोग भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए। मृतकों की पहचान इस्लाम मंसूरी, उनकी पत्नी रुबैदा खातून और अस्मत अली के रूप में हुई है।
बताया गया कि कुछ ग्रामीण सुबह अपनी खोई हुई भैंस की तलाश में निकले थे। भोर का समय होने के कारण खेत में धुंधलका था। इसी दौरान ग्रामीण धान के खेत में बिछे बिजली के तार की चपेट में आ गए। करंट का झटका इतना तेज था कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
भैंस खोजने निकले थे, लौटे तीन शव
हादसे के बाद खेत में चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और करंट से झुलसे लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। घायलों का इलाज जारी है।
एक ही हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत से तकिया टोला में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश भी है।
खेत में मिले दो जंगली सूअर
घटनास्थल पर दो जंगली सूअर भी मृत पाए गए हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए खेत में बिजली का तार बिछाया गया होगा।
हालांकि, तार किसने बिछाया, उसमें करंट कैसे प्रवाहित किया गया और इसका वास्तविक उद्देश्य क्या था, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
घटना ने खेतों के आसपास खुले बिजली तारों और अवैध रूप से करंट प्रवाहित करने के खतरे को भी सामने ला दिया है। फिलहाल पुलिस और संबंधित अधिकारियों की जांच के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
ये खबर भी पढ़े: नेपाली नागरिकों का फर्जी आधार बनाने का खेल; लैपटॉप-स्कैनर के साथ तीन गिरफ्तार!