लखीसराय: लखीसराय में दुर्गा पूजा और दशहरा को लेकर प्रशासन ने इस बार ‘नो रिस्क’ प्लान तैयार किया है। पूजा के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने पंडाल से लेकर विसर्जन तक सुरक्षा की पूरी व्यवस्था तय कर दी है। समाहरणालय के मंत्रणा कक्ष में डीएम शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में हुई शांति समिति की बैठक में पूजा समितियों के प्रतिनिधियों और पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के साथ कई अहम फैसले लिए गए।
जिले में इस बार 123 दुर्गा प्रतिमाओं की रिपोर्टिंग हुई है। प्रशासन ने सभी पूजा स्थलों को सेक्टर में बांटने का फैसला लिया है। सबसे खास व्यवस्था यह रहेगी कि हर प्रतिमा के साथ एक संबंधित अधिकारी को टैग किया जाएगा। यह अधिकारी प्रतिमा स्थापना से लेकर विसर्जन तक पूजा समिति के संपर्क में रहेगा। अधिकारी और समिति के जिम्मेदार लोगों के पास एक-दूसरे का मोबाइल नंबर भी रहेगा, ताकि किसी भी स्थिति में तत्काल समन्वय किया जा सके।
DJ पर रोक, अश्लील गाना बजा तो कार्रवाई
प्रशासन ने पूजा समितियों को पहले ही साफ संदेश दे दिया है कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के नाम पर मनमानी नहीं चलेगी। कार्यक्रम के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। भजन, कीर्तन और जागरण जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों को ही अनुमति दी जाएगी।
अश्लील गाने, आपत्तिजनक कार्यक्रम और DJ पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाली समितियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं समय पर प्रतिमा विसर्जन करने वाली समितियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार देने की भी व्यवस्था की गई है।
पंडाल में CCTV, आग लगी तो तैयारी रहेगी पहले से
सुरक्षा को लेकर पंडालों में भी विशेष व्यवस्था करनी होगी। प्रत्येक पंडाल में CCTV कैमरा लगाकर उसे डिस्प्ले से जोड़ना होगा। आग से बचाव के लिए बालू से भरी बाल्टियां और जरूरी अग्निशमन व्यवस्था रखने का निर्देश दिया गया है।
विद्युत और भवन प्रमंडल के अधिकारियों को भी पूजा समितियों को सुरक्षा मानकों के संबंध में आवश्यक निर्देश और नोटिस देने को कहा गया है।
विसर्जन में भी मनमानी नहीं, तय रूट से ही जाएगी प्रतिमा
प्रशासन ने प्रतिमा विसर्जन को लेकर भी नियम बेहद स्पष्ट कर दिए हैं। प्रतिमाएं निर्धारित विसर्जन रूट से ही जाएंगी। रूट में किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया जाएगा। नदी की मुख्य धारा में प्रतिमा विसर्जन पर रोक रहेगी और चिन्हित तालाब या पोखर में ही विसर्जन कराया जाएगा।
विसर्जन के दौरान अश्लील गीत बजाने पर भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। पूजा समितियों को पर्यावरण अनुकूल सामग्री से प्रतिमा निर्माण करने का निर्देश दिया गया है।
शराब और उपद्रवियों पर पहले से नजर
पर्व के दौरान शराब की बिक्री और सेवन रोकने के लिए पुलिस एवं मद्यनिषेध विभाग को विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में वाहन जांच और शराब जांच अभियान चलाने को कहा गया है।
चिन्हित असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई के साथ जरूरत पड़ने पर निरोधात्मक कार्रवाई और फ्लैग मार्च कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उपद्रव किया तो बख्शे नहीं जाएंगे
एसपी प्रेरणा कुमार ने पूजा समितियों से प्रशासन के साथ पूरा सहयोग करने और पर्याप्त संख्या में सक्रिय वॉलंटियर्स रखने की अपील की। उन्होंने निर्धारित विसर्जन मार्ग और प्रशासन के सभी निर्देशों का पालन करने को कहा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के उत्सव में खलल डालने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के बाद डीएम की अध्यक्षता में सभी संबंधित थाना प्रभारियों और अंचल अधिकारियों के साथ अलग से विधि-व्यवस्था की समीक्षा की गई। संवेदनशील स्थानों, पुलिस बल की तैनाती और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, एसडीओ प्रभाकर कुमार, एसडीपीओ शिवम कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि समेत अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

इस बार लखीसराय में दुर्गा पूजा का फॉर्मूला साफ है—उत्सव पूरे उत्साह से होगा, लेकिन नियमों के साथ; पंडाल से विसर्जन तक प्रशासन की नजर बनी रहेगी।
ये खबर भी पढ़े: मां दुर्गा के विसर्जन में ‘सड़क का रोड़ा’ न बने अड़चन, सभापति ने DM से लगाई गुहार!
