लखीसराय: जिले में बाढ़ के बिगड़े हालात के बीच रविवार को ग्रामीण कार्य विभाग सह प्रभारी मंत्री सुनील कुमार ने पिपरिया, वलीपुर, रामचंद्रपुर, राहटपुर और सूर्यगढ़ा प्रखंड के प्रभावित इलाकों का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। मंत्री ने जलमग्न क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पूरी तत्परता के साथ काम करने का निर्देश दिया।
सूर्यगढ़ा प्रखंड के पटेलपुर घाट और हुसैना घाट पहुंचकर मंत्री ने बाढ़ के जलस्तर, प्रभावित इलाकों और प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे राहत-बचाव अभियान की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए।
बाढ़ में जान गंवाने वाले के परिवार को 4 लाख की सहायता
निरीक्षण के दौरान वलीपुर निवासी स्वर्गीय ललन सिंह की बाढ़ के पानी में डूबने से हुई मौत के बाद उनके पुत्र अनमोल कुमार को सरकार की ओर से 4 लाख रुपये की मुआवजा राशि का चेक सौंपा गया। इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों ने भी पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
NDRF-SDRF को अलर्ट रहने का निर्देश
प्रभारी मंत्री ने NDRF और SDRF की टीमों को पूरी तत्परता के साथ राहत एवं बचाव कार्य जारी रखने को कहा। उन्होंने संवेदनशील और जलमग्न इलाकों में लगातार निगरानी, दवा एवं आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि प्रभावित परिवारों तक भोजन, दवा और अन्य जरूरी सहायता समय पर पहुंचनी चाहिए। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन को पूरी तरह तैयार रहने को कहा गया।
बड़हिया धर्मशाला में पीड़ितों के बीच पहुंचे मंत्री
दौरे के दौरान सुनील कुमार ने बड़हिया धर्मशाला का भी निरीक्षण किया, जहां बाढ़ प्रभावित लोग आश्रय लिए हुए हैं। उन्होंने राहत शिविर में रह रहे लोगों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं।
मंत्री ने विशेष रूप से भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्था, खाने-पीने की उपलब्धता, भोजन वितरण की प्रक्रिया और अन्य जरूरतों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने आश्रितों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सूर्यगढ़ा विधायक रामानंद मंडल, जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार, पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, आपदा प्रबंधन के प्रभारी पदाधिकारी शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी प्राची कुमारी, पिपरिया प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि रामविलास शर्मा, जदयू जिलाध्यक्ष रामानुज शर्मा सहित संबंधित अधिकारी, अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी, मुखिया और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
बाढ़ की मुश्किल घड़ी में मंत्री का यह दौरा सिर्फ अधिकारियों के साथ समीक्षा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि राहत शिविर में रह रहे प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने और मौके पर व्यवस्था का जायजा लेने तक रहा।
ये खबर भी पढ़े: मधुबनी पहुंचे CM सम्राट चौधरी, कामख्या मंदिर में की पूजा-अर्चना!
