पटना: बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) की ओर से आयोजित होमगार्ड हवलदार इंस्ट्रक्टर भर्ती परीक्षा में नकल कराने के बड़े खेल का खुलासा हुआ है। पटना के शास्त्री नगर स्थित राजकीय बालक उच्च विद्यालय परीक्षा केंद्र पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत 10 लोगों को हिरासत में लिया है।
जांच के दौरान परीक्षा केंद्र के बाथरूम से 2 मिनी प्रिंटर और 4 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि इन इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए परीक्षा में बैठे अभ्यर्थियों को उत्तर उपलब्ध कराने की साजिश रची गई थी।
बाथरूम में छिपा था नकल का पूरा सिस्टम
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरे खेल में हाजीपुर निवासी राहुल नाम के एक सॉल्वर को परीक्षा केंद्र के अंदर भेजा गया था। आरोप है कि राहुल ने बाथरूम में मिनी प्रिंटर छिपाकर रखा था।
योजना के तहत परीक्षा केंद्र के बाहर बैठे लोग मोबाइल के जरिए अभ्यर्थियों के रोल नंबर और जरूरी जानकारी भेज रहे थे। इसके बाद सॉल्वर मिनी प्रिंटर की मदद से छोटे-छोटे प्रिंट निकालकर उत्तर की पर्चियां उपलब्ध कराने की कोशिश कर रहा था।
सॉल्वर को अंदर भेजने में मिलीभगत का शक
पुलिस की प्रारंभिक जांच में परीक्षा केंद्र पर तैनात कुछ लोगों की भूमिका भी संदिग्ध बताई जा रही है। जांच में एक इनविजिलेटर की संलिप्तता की भी आशंका जताई गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकल के इस नेटवर्क में कितने लोग शामिल थे और कितने अभ्यर्थियों तक मदद पहुंचाने की योजना थी।
सतर्कता से पकड़ा गया हाईटेक नकल का खेल
परीक्षा केंद्र पर तैनात मजिस्ट्रेट, पुलिसकर्मियों और शिक्षकों की सतर्कता के कारण यह मामला सामने आया। संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने के बाद जांच की गई, जिसमें इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए।
मामले में शास्त्री नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
SDPO ने दी जानकारी
SDPO-2 साकेत कुमार ने बताया कि राजकीय बालक उच्च विद्यालय परीक्षा केंद्र से 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनके पास से दो मिनी प्रिंटर और चार मोबाइल फोन मिले हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हवलदार इंस्ट्रक्टर परीक्षा में सामने आए इस मामले ने एक बार फिर प्रतियोगी परीक्षाओं में सक्रिय सॉल्वर गैंग और हाईटेक नकल के तरीकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने में जुटी है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: बांकीपुर उपचुनाव में सियासी घमासान, वोटिंग के बीच BJP-जनसुराज समर्थक आमने-सामने, फर्जी वोटिंग के आरोप से हंगामा!