आरा/पटना: बिहार में आय से अधिक संपत्ति के मामलों पर आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की कार्रवाई तेज है। इसी कड़ी में परिवहन विभाग के प्रवर्तन अवर निरीक्षक अमित कुमार गुप्ता के भोजपुर और पटना स्थित ठिकानों पर बुधवार को एक साथ छापेमारी की गई। EOU के अनुसार, प्रारंभिक जांच में उनकी ज्ञात वैध आय से करीब 1 करोड़ 49 लाख 58 हजार 500 रुपये अधिक संपत्ति होने के साक्ष्य मिले हैं।
अमित कुमार गुप्ता वर्तमान में कैमूर जिले के मोहनिया चेकपोस्ट पर तैनात हैं। EOU के मुताबिक उनके खिलाफ 29 सितंबर 2026 को EOU थाना कांड संख्या 26/26 दर्ज किया गया। मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत दर्ज किया गया है। विशेष निगरानी न्यायालय से तलाशी वारंट मिलने के बाद अलग-अलग टीमों ने परिसरों में तलाशी शुरू की।
आरा से पटना तक दस्तावेजों की तलाश
EOU के अनुसार भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित अवधपुरी, चंदवा मोड़ के पास उनके निजी आवास और पटना के दानापुर थाना क्षेत्र स्थित साईं वरदान सिटी के फ्लैट नंबर 609 में तलाशी चल रही है। टीम संपत्ति, आय और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की जांच कर रही है। कार्रवाई की निगरानी डीएसपी स्तर के अधिकारियों द्वारा की जा रही है।
ज्ञात आय से 148.10 फीसदी अधिक संपत्ति का दावा
EOU के अनुसार सत्यापन के दौरान करीब 1,49,58,500 रुपये की ऐसी संपत्ति का प्रथमदृष्टया साक्ष्य मिला, जिसे उनकी ज्ञात वैध आय से अधिक माना गया है। एजेंसी ने इसे ज्ञात आय की तुलना में करीब 148.10 प्रतिशत अधिक बताया है। हालांकि, यह आंकड़ा जांच एजेंसी के प्रारंभिक आकलन से जुड़ा है और मामले में अंतिम स्थिति जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।
तलाशी के दौरान मिले दस्तावेज और अन्य साक्ष्य अब जांच की अगली कड़ी में महत्वपूर्ण होंगे। फिलहाल EOU की कार्रवाई जारी है।
ये खबर भी पढ़े: पूर्णिया में एनडीए नेताओं की मौजूदगी में नामांकन कार्यक्रम, 14 जिलों के स्नातक मतदाता रहे मौजूद!