पटना: पटना के ADM (सप्लाई) रवींद्र कुमार दिवाकर और दानापुर की सब-रजिस्ट्रार कुमारी स्वीटी से जुड़े ठिकानों पर निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की छापेमारी में बड़ी मात्रा में नकदी, महंगी घड़ियां और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज मिलने की जानकारी सामने आई है। पटना और बेगूसराय में एक साथ हुई कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में भी हलचल है।
निगरानी टीम के अनुसार, तलाशी के दौरान करीब 79 लाख रुपये नकद मिले हैं। इसके अलावा 48 महंगी घड़ियां, सोने-चांदी के आभूषण और जमीन-फ्लैट से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। जांच एजेंसी अब इन संपत्तियों और बरामद सामान का अधिकारियों की घोषित आय से मिलान कर रही है।
अलमारी से निकला कैश, फिर खंगाले गए बक्से
दानापुर स्थित आवास की तलाशी के दौरान निगरानी टीम को अलग-अलग जगहों से नकदी मिलने की जानकारी दी गई। इसके बाद अलमारी, बक्से और अन्य स्थानों को भी खंगाला गया। इसी दौरान बड़ी संख्या में नोटों की गड्डियां बरामद होने की बात सामने आई।
तलाशी में मिली 48 घड़ियां भी जांच का हिस्सा हैं। इनकी कीमत करीब छह लाख रुपये बताई गई है। वहीं बेगूसराय स्थित पैतृक आवास से भी नकदी और आभूषण मिलने की जानकारी सामने आई है।
जमीन-फ्लैट में निवेश के दस्तावेज भी मिले
निगरानी टीम को रवींद्र कुमार दिवाकर, उनकी पत्नी और परिवार के सदस्यों के नाम जमीन व फ्लैट से जुड़े दस्तावेज मिले हैं। फुलवारीशरीफ, रूपसपुर और बेगूसराय में संपत्तियों का ब्योरा जांच के दायरे में है।
जांच एजेंसी अब यह पता लगा रही है कि इन संपत्तियों की खरीद और निवेश के लिए धन का स्रोत क्या था और क्या यह अधिकारियों की घोषित आय के अनुरूप है।
ADM पति, सब-रजिस्ट्रार पत्नी; दोनों पर केस
निगरानी विभाग के अनुसार, रवींद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी कुमारी स्वीटी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज है। रवींद्र कुमार पहले शिक्षक रह चुके हैं और प्रशासनिक सेवा में आने के बाद गया में एसडीएम तथा सारण में डीपीआरओ समेत विभिन्न पदों पर रहे हैं। फिलहाल वे पटना में ADM (सप्लाई) हैं।
कुमारी स्वीटी वर्ष 2013 में सब-रजिस्ट्रार बनी थीं और वर्तमान में दानापुर में तैनात हैं।
फिलहाल निगरानी टीम बरामद नकदी, आभूषण, घड़ियों और संपत्ति के दस्तावेजों की जांच कर रही है। अंतिम रूप से कितनी संपत्ति आय से अधिक पाई जाती है, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद होगा।
ये खबर भी पढ़े: 115 दिन बाद PoK आंदोलन ने पकड़ी रफ्तार, LoC के पास हजारों लोग जुटे; भारत से जुड़ने की मांग!