धनबाद: धनबाद पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चिरकुंडा थाना क्षेत्र से एक आरोपी को अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी मो. रिजवान सिद्दीकी (45) निरसा थाना क्षेत्र के वृंदावनपुर का निवासी है और प्रिंस खान गिरोह का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है।
ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में अपने परिचित के घर में हथियार और गोली जमा कर रहा है। सूचना के आधार पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से दो अवैध पिस्टल, 33 जिंदा कारतूस और हथियारों की खरीद-बिक्री से जुड़ा एक मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद हथियारों में एक 9 एमएम पिस्टल और एक 7.65 एमएम देशी पिस्टल शामिल है।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि जेल में बंद अफजल अमन के निर्देश पर हथियार इकट्ठा किए जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, रेलवे टेंडर से जुड़े ठेकेदारों को डराकर रंगदारी वसूलने की साजिश रची जा रही थी।
इस मामले में चिरकुंडा थाना में आर्म्स एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
ये खबर भी पढ़े: Jharkhand News : नौकरी के लिए बेटे ने ही ले ली पिता की जान, 10 लाख की सुपारी देकर रची खौफनाक साजिश!